ऑनलाइन स्टॉक निवेश फ्रॉड का भंडाफोड़, मेरठ का काशिफ गिरफ्तार

आगरा साइबर क्राइम पुलिस ने IPO निवेश के नाम पर 18.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले मेरठ निवासी काशिफ को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी फर्म और बैंक खातों के जरिए लोगों को झांसा देता था। इस मामले में NCRP पोर्टल पर 18 शिकायतें दर्ज थीं।

Jan 19, 2026 - 23:41
 0
ऑनलाइन स्टॉक निवेश फ्रॉड का भंडाफोड़, मेरठ का काशिफ गिरफ्तार
साइबर पुलिस की गिरफ्त में काशिफ।

आईपीओ स्टॉक निवेश के नाम पर 18.50 लाख की थी साइबर ठगी 

आगरा। आगरा साइबर क्राइम पुलिस ने आईपीओ स्टॉक में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में मेरठ निवासी काशिफ पुत्र आसिफ को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी फर्म और बैंक खातों के माध्यम से लोगों से ठगी कर रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को आईपीओ और शेयर बाजार में सुरक्षित व उच्च रिटर्न का लालच देता था। विश्वास में लेने के बाद वह पीड़ितों से निवेश के नाम पर रकम फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेता था। जांच में सामने आया कि इस गिरोह द्वारा अब तक करीब 18 लाख 50 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी की जा चुकी है।

इस मामले में एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर कुल 18 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज थीं, जिनकी जांच के बाद साइबर क्राइम थाना, पुलिस कमिश्नरेट आगरा ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। 

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें, तथा संदिग्ध मामलों में तुरंत साइबर हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।