रुनकता में खुलेआम संघर्षः कार और बाइकों से लोग आए और बैठे हुए पांच लोगों पर हमला बोल दिया, लाठी-डंडों से सिर फोड़े
आगरा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिस का खौफ पूरी तरह गायब नजर आ रहा है। रुनकता क्षेत्र में सोमवार शाम रुपयों के लेन-देन को लेकर हुई हिंसक झड़प ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर बेखौफ होकर फरार हो गए।
रुनकता (आगरा)। रुनकता क्षेत्र में ऑटो एनर्जी सेंटर के पास स्थित ठाकुर पार्किंग यार्ड के समीप सोमवार शाम करीब 5 बजे रुपयों के लेन-देन को लेकर जमकर सिर फुटव्वल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर बैठे पांच लोगों पर अचानक 15 से अधिक अज्ञात युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दो युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया गया कि हमलावर एक अर्टिगा कार और कई मोटरसाइकिलों से मौके पर पहुंचे थे। अर्टिगा कार को ऑटो एनर्जी सेंटर के पास खड़ा करने के बाद सभी युवक ठाकुर पार्किंग यार्ड की ओर आए और वहां बैठे पांच लोगों पर अचानक हमला बोल दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग सहम गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल और हमलावर पक्ष के बीच करीब 3.5 लाख रुपये के आपसी लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जो सोमवार शाम हिंसक रूप में बदल गया। लाठी-डंडों से सिर पर वार किए गए, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बिना किसी डर के मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सवाल खड़े करता है यह मामला
दिनदहाड़े, भीड़भाड़ वाले इलाके में 15–20 युवकों का एकजुट होकर हमला करना इस बात का संकेत है कि आगरा में अब अपराधी पुलिस की परवाह किए बिना वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आखिर अपराधियों में कानून का डर क्यों खत्म हो रहा है? ऐसे सवाल इस घटना के बाद आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
-रुनकता से सौरभ सिंह की रिपोर्टTop of Form
Bottom of Form
Top of Form