ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ : आगरा आरपीएफ ने पांच माह में 67 बच्चों को बचाया

आगरा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आगरा मंडल ने मानवता की एक मिसाल पेश करते हुए पांच माह में 67 बच्चों को सुरक्षित बचाकर उनके परिवारों से मिलाया है। अप्रैल से अगस्त 2025 तक चलाए गए ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत बचाए गए इन बच्चों में 40 लड़के और 27 लड़कियां शामिल हैं।

Sep 15, 2025 - 18:24
 0
ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ : आगरा आरपीएफ ने पांच माह में 67 बच्चों को बचाया
ऒपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत आगरा आरपीएफ द्वारा बचाया गया एक बच्चा अपने परिवार के साथ।

मंडल रेल प्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा यह ऑपरेशन भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों में संकटग्रस्त बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बना है। इस अभियान का उद्देश्य ऐसे बच्चों को बचाना है जो अपहरण, गुमशुदगी, मानसिक विक्षिप्तता या बेघर होने जैसी परिस्थितियों से गुजर रहे होते हैं।

लापता और बेघर बच्चों के लिए जीवन रेखा

‘नन्हे फरिश्ते’ उन हजारों बच्चों के लिए जीवन रेखा साबित हो रहा है, जो किसी कारणवश घर से भटक जाते हैं। ऑपरेशन के तहत बच्चों को सुरक्षित कर उनके परिवार से मिलवाया जाता है। इस अवधि में आगरा मंडल ने 67 मासूमों को सुरक्षित किया और ट्रैक चाइल्ड पोर्टल पर उनकी जानकारी दर्ज कराई।

सिर्फ बचाव नहीं, जागरूकता भी

आरपीएफ ने इस पहल के माध्यम से सिर्फ बच्चों को बचाया ही नहीं बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ाई। घर से भागे और लापता बच्चों की दुर्दशा को सामने लाकर लोगों को सतर्क किया गया। इसके साथ ही रेलवे नेटवर्क में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor