बुजुर्गों के सम्मान का मौका: अनुभव निधि आश्रम का पंचम वार्षिकोत्सव 12 को, होगा समाजसेवियों का जुटान

आगरा के उजरई स्थित अनुभव निधि आश्रम में 12 अप्रैल को पंचम वार्षिकोत्सव भव्य रूप से आयोजित होगा, जहां भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और बुजुर्गों के सम्मान का संदेश देने के लिए शहर के प्रमुख समाजसेवी एक मंच पर जुटेंगे।

Apr 9, 2026 - 18:19
 0
बुजुर्गों के सम्मान का मौका: अनुभव निधि आश्रम का पंचम वार्षिकोत्सव 12 को, होगा समाजसेवियों का जुटान
हाथरस रोड पर उजरई स्थित अनुभव निधि आश्रम के पांचवें वार्षिकोत्सव के बारे में जानकारी देते विजय खन्ना, गोविंद प्रसाद अग्रवाल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल और अन्य।

आगरा। वृद्धों का मान, हमारा अभिमान, की मूल भावना के साथ हाथरस रोड स्थित उजरई में संचालित अनुभव निधि आश्रम का पंचम वार्षिकोत्सव 12 अप्रैल, रविवार को शाम 4:00 बजे से आश्रम परिसर में धूमधाम से मनाया जाएगा।

गुरुवार को कमला नगर स्थित टेंपटेशन रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने समारोह का आमंत्रण पत्र विमोचन कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।

आश्रम के अध्यक्ष विजय खन्ना (रोमसंस) ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अवसर पर अन्नपूर्णा महिला समिति एवं सरस्वती विद्या मंदिर कमला नगर के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की इंद्रधनुषी छटा बिखेरी जाएगी। इन प्रस्तुतियों में सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते हुए सनातन मूल्यों और बुजुर्गों के सम्मान का सशक्त संदेश दिया जाएगा।

महासचिव सीए गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने आश्रम के उद्देश्य और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि आज के समय में माता-पिता और बुजुर्गों को सबसे अधिक हमारे समय और स्नेह की आवश्यकता है, लेकिन वे अकेलेपन की पीड़ा झेल रहे हैं। उन्होंने समाजसेवियों और पत्रकारों से आह्वान किया कि यदि किसी बुजुर्ग का एकाकीपन दूर करना हो, तो उन्हें अनुभव निधि आश्रम भेजें, ताकि उनकी सेवा का अवसर मिल सके।

उपाध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल (एकता बिल्डर्स) ने बताया कि इस समारोह में आगरा के प्रमुख समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधायक धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि दैनिक जागरण के संपादक अवधेश माहेश्वरी, आईनेक्स्ट के संपादक अखिल दीक्षित और ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

कोषाध्यक्ष विनय सिंघल ने बताया कि समारोह के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं, उनके समाधान और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी समाजसेवियों द्वारा गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस अवसर पर संस्थापक सदस्य एवं पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल ‘तोती भाई’, सीए एस.के. अग्रवाल, संतोष गुप्ता (नवोदय गैस), प्रमोद सिंघल, रंगेश त्यागी, राकेश अग्रवाल (आकांक्षा जल सेवा), योगेंद्र सिंघल, श्रीमती आशा खन्ना, रेखा अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, अंजू सिंघल, मीनाक्षी अग्रवाल, निर्मल गुप्ता, सीमा अग्रवाल, रीता जैन, हरीश शर्मा ‘गुड्डू भाई’ और गोपाल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor