तीन हजार से अधिक नौकरियों का मौकाः आगरा कॉलेज में पांच फरवरी को मंडल स्तरीय मेगा जॉब फेयर
आगरा कॉलेज में युवाओं के भविष्य को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा और आगरा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में 5 फरवरी 2026 को मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों युवाओं को सीधे नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
आगरा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा एवं आगरा कॉलेज, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 05 फरवरी 2026 (बृहस्पतिवार) को एक दिवसीय, निःशुल्क, मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला आगरा कॉलेज के नवनिर्मित आचार्य गंगाधर शास्त्री मंडपम परिसर में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा।
रोजगार मेले के आयोजन को लेकर आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने बताया कि कॉलेज का सतत प्रयास रहा है कि उच्च शिक्षा को रोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यह वृहद रोजगार मेला युवाओं के लिए केवल एक अवसर नहीं, बल्कि उनके करियर की ठोस शुरुआत है। कॉलेज प्रशासन द्वारा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और छात्रों को आत्मविश्वास के साथ चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और समय से रोजगार मेले में उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लें।
इस मंडल स्तरीय रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इनके माध्यम से 3000 से अधिक रिक्त पदों पर सीधे साक्षात्कार और परीक्षा के जरिए चयन किया जाएगा। यह पहल क्षेत्रीय युवाओं को त्वरित और वास्तविक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रोजगार मेले में असिस्टेंट मैनेजर, ब्रांच मैनेजर, टेली कॉलर, कंप्यूटर ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर, कस्टमर सर्विस एसोसिएट, एच.आर., स्टोर इंचार्ज, सुपरवाइजर, पिकर-पैकर सहित विभिन्न पदों के लिए चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम, अहमदाबाद और जयपुर जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों में रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बीटेक, बीसीए और एमसीए उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ अद्यतन बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो तथा शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियाँ अनिवार्य रूप से लानी होंगी।