नाथ नगरी बरेली में दो करोड़ पार पहुंचे धार्मिक पर्यटक, योगी सरकार के विजन का दिखा ज़मीनी असर

-आरके सिंह- बरेली। अयोध्या, काशी और मथुरा की तर्ज़ पर अब बरेली भी उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभरने लगा है। योगी सरकार की दूरदर्शी नीतियों और धार्मिक स्थलों के सुनियोजित विकास का असर अब साफ दिख रहा है। वर्ष 2025 में बरेली ज़िले में दो करोड़ से अधिक धार्मिक पर्यटक पहुंचे, जिनमें सिर्फ नाथ नगरी क्षेत्र में एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं की आमद दर्ज की गई है। यह आंकड़े बरेली को प्रदेश के तेजी से उभरते धार्मिक पर्यटन हब के रूप में स्थापित कर रहे हैं।

Jan 6, 2026 - 14:58
 0
नाथ नगरी बरेली में दो करोड़ पार पहुंचे धार्मिक पर्यटक, योगी सरकार के विजन का दिखा ज़मीनी असर

पर्यटन विभाग के अनुसार जिले में आस्था की ऐसी लहर चली है कि देश ही नहीं, विदेशों से भी श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में बरेली का रुख कर रहे हैं। बरेली के प्रमुख धार्मिक स्थलों में मनौना धाम, दरगाह आला हजरत, और नाथ कॉरिडोर से जुड़े सात नाथ मंदिर श्रद्धा के प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।

मनौना धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

मनौना धाम के मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने बताया कि वर्ष 2025 में लगभग 80 लाख श्रद्धालु खाटू श्याम के दर्शन के लिए मनौना धाम पहुंचे और महंत ओमेंद्र महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। यह आंकड़ा अपने आप में बरेली की धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देता है।

दरगाह आला हजरत में 20 लाख से अधिक जायरीन

दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के अनुसार, एक वर्ष में 20 लाख से अधिक श्रद्धालु और जायरीन दरगाह में हाजिरी देने पहुंचे। सूफी परंपरा और धार्मिक सौहार्द की यह मिसाल विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है।

पर्यटन विभाग के आंकड़े: लगातार बढ़ती संख्या

बरेली के उप निदेशक पर्यटन रविंद्र कुमार ने बताया कि पर्यटकों की गणना होटल रिकॉर्ड, प्रमुख धार्मिक स्थलों और वीडियोग्राफी सर्वे के माध्यम से की जाती है।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2023 में 81.56 लाख, 2024 में 99.13 लाख और 2025 में 1.00 करोड़ से अधिक पर्यटक बरेली पहुंचे। विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। 2023 में 911 विदेशी और 2025 में 1056 विदेशी पर्यटक बरेली आए।

अधिकारियों के अनुसार, यह लगभग 20 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि भविष्य के लिए बेहद शुभ संकेत है।

नाथ कॉरिडोर बनेगा पर्यटन की रीढ़

योगी सरकार की योजना के तहत स्मार्ट सिटी बरेली में स्थित सात नाथ मंदिरों को जोड़कर नाथ कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का काम तेज़ी से प्रगति पर है। कॉरिडोर के पूर्ण होने के बाद पर्यटकों की संख्या में और बड़ा उछाल आने की संभावना जताई जा रही है।

ठहराव बढ़ाने पर जोर, स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ

योगी सरकार का फोकस सिर्फ भीड़ जुटाने पर नहीं, बल्कि पर्यटकों के ठहराव पर भी है। इसी क्रम में बरेली में लाइट एंड साउंड शो, होमस्टे योजना, और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि ठहराव बढ़ने से स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और रोज़गार के अवसरों में सीधा इज़ाफा होगा।

कब आते हैं सबसे ज्यादा पर्यटक

पर्यटन विभाग के अनुसार जनवरी से मार्च और सितंबर से दिसंबर के बीच पर्यटकों की आवाजाही सबसे अधिक रहती है। जनवरी 2023 में 6.20 लाख भारतीय जनवरी 2024 में 7.05 लाख भारतीय, जनवरी 2025: 7.76 लाख भारतीय पर्यटक आए। वहीं नवंबर-दिसंबर 2025 में सबसे अधिक 10.56 लाख से ज्यादा भारतीय पर्यटक बरेली पहुंचे, जो जिले की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

SP_Singh AURGURU Editor