आगरा में मतदाता सूची पुनरीक्षण में 96% से अधिक प्रगति, डीएम की मतदाताओं से सहयोग की अपील
आगरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) को लेकर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन कार्य में हो रही प्रगति, व्यवस्था और संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी मीडिया को दी। डीएम ने बताया कि 04 नवम्बर 2025 से बीएलओ पूरे जनपद में घर-घर जाकर दो प्रतियों में गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। मतदाता को इनमें से एक प्रति भरकर बीएलओ को वापस देनी होती है, जबकि दूसरी प्रति सत्यापन हेतु उसके पास सुरक्षित रहती है। जिले में कुल 3696 बीएलओ एवं 372 सुपरवाइजर प्रणालीगत रूप से कार्यरत हैं।
बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण, डिजिटलाइजेशन शुरू, 4 दिसंबर तक चलेगा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण
आगरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) को लेकर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन कार्य में हो रही प्रगति, व्यवस्था और संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी मीडिया को दी। डीएम ने बताया कि 04 नवम्बर 2025 से बीएलओ पूरे जनपद में घर-घर जाकर दो प्रतियों में गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। मतदाता को इनमें से एक प्रति भरकर बीएलओ को वापस देनी होती है, जबकि दूसरी प्रति सत्यापन हेतु उसके पास सुरक्षित रहती है। जिले में कुल 3696 बीएलओ एवं 372 सुपरवाइजर प्रणालीगत रूप से कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन बीएलओ एप न्यू वर्जन 8.75 पर शुरू कर दिया गया है। मृतक, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं की पहचान कर उचित कार्रवाई हेतु ऐप पर आवश्यक विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। डीएम ने बताया कि आज 16 नवम्बर 2025 दोपहर 2 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार विधानसभा क्षेत्रवार गणना प्रपत्र वितरण इस प्रकार है-
86—एत्मादपुर: 468,759 में से 463,884
87—आगरा कैंट: 482,966 में से 452,623
88—आगरा दक्षिण: 370,099 में से 353,856
89—आगरा उत्तर: 454,175 में से 423,626
90—आगरा ग्रामीण: 452,123 में से 426,813
91—फतेहपुर सीकरी: 362,476 में से 350,484
92—खेरागढ़: 340,839 में से 338,363
93—फतेहाबाद: 329,284 में से 326,560
94—बाह: 339,350 में से 327,776
जिले में कुल 3,600,071 मतदाताओं में से 3,463,985 को प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो 96.22% की प्रगति को दर्शाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर का कार्य 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक समयबद्ध रूप से चल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे गणना प्रपत्र को अवश्य भरकर बीएलओ को दें, अन्यथा उनका नाम मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन में सम्मिलित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन परिशुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार कराने को प्रतिबद्ध है।
डीएम ने नए मतदाताओं के लिए उपलब्ध फार्मों की भी जानकारी देते हुए बताया कि फार्म -6 नया नाम जोड़ने हेतु (18 वर्ष पूर्ण), फार्म -7: मृत या स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाने हेतु, फार्म -8: संशोधन हेतु, फार्म -8A: एक विधानसभा से दूसरी विधानसभा में नाम स्थानांतरण हेतु है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए नई “Book & Call with BLO” सेवा आरंभ की है, जिसके माध्यम से मतदाता सीधे अपने बूथ स्तर अधिकारी से कॉल शेड्यूल कर सकते हैं। साथ ही, नेशनल वोटर हेल्पलाइन 1950 पर किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का परिशुद्ध होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से सक्रिय रूप से SIR-2026 अभियान में भाग लेने और बीएलओ को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है ।