आगरा में हाईवे पर हीरालाल की प्याऊ का ओवरब्रिज खुला, विधायक चौ. बाबूलाल ने किया उद्घाटन
आगरा। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक बड़ी सौगात के रूप में आगरा-दिल्ली हाईवे पर हीरालाल की प्याऊ के पास अकबरा-पनवारी मार्ग के मध्य 750 मीटर लंबे ओवरब्रिज का भव्य लोकार्पण किया गया। करीब 28 करोड़ 15 लाख रुपये (2815 लाख) की लागत से बने इस ओवरब्रिज का शुभारंभ क्षेत्र के विधायक चौधरी बाबूलाल के करकमलों द्वारा पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
अथक प्रयासों का परिणाम बना ओवरब्रिज
यह ओवरब्रिज तत्कालीन सांसद और वर्तमान विधायक चौधरी बाबूलाल के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। लंबे समय से इस मार्ग पर जाम और आवागमन की समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलेगी।
750 मीटर पुल से बदलेगी ट्रैफिक की तस्वीर
ओवरब्रिज के निर्माण के बाद अब आगरा-दिल्ली हाईवे पर यातायात और अधिक सुगम हो जाएगा। अकबरा-पनवारी मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को बिना रुकावट अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता की मौजूदगी रही। लोगों ने विधायक चौधरी बाबूलाल का स्वागत-सम्मान करते हुए इस विकास कार्य के लिए आभार जताया और उनकी जमकर सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
यह ओवरब्रिज न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देगा।