आगरा के शमसाबाद में 7 साल की लापता मासूम की खोज में रातभर चला सर्च ऑपरेशन, नहीं मिली सफलता
आगरा। आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ी इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई, जब घर के बाहर खेल रही 7 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। बच्ची के गायब होने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर व्यापक खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन बुधवार सुबह तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका है ।
आगरा। आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ी इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई, जब घर के बाहर खेल रही 7 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। बच्ची के गायब होने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर व्यापक खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन रात भर खोजबीन के बावजूद बुधवार सुबह तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका है।
लापता बच्ची की पहचान अनु (7 वर्ष) के रूप में हुई है। बच्ची के पिता सत्य प्रकाश शर्मा के अनुसार, अनु रोज़ की तरह घर के बाहर खेल रही थी, तभी वह अचानक नजरों से ओझल हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर आसपास तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल स्वयं देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन की निगरानी की। पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग दिशाओं में संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के खेतों में देर रात तक गहन कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। वहीं, पीएसी की टीम ने पास में बने तालाब में भी सर्च ऑपरेशन किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लापता बच्ची मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है, जिससे चिंता और भी बढ़ गई है। इलाके में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि बच्ची की सकुशल बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। इधर, बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा क्षेत्र दुआओं में मासूम की सुरक्षित वापसी की कामना कर रहा है।