पहलगाम हमलावर आतंकी आसिफ का घर विस्फोट से उड़ाया, आदिल का घर भी जमींदोज

श्रीनगर। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सेना ताबड़तोड़ एक्शन ले रही है। आज सुबह त्राल में आतंकी आदिल शेख के घर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया है जबकि बिजबेहरा स्थित आतंकी आसिफ के घर को सेना ने विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया है। आदिल और आसिफ वही आतंकी हैं, जिनके नाम हालिया हमले में लोकल आतंकी के रूप में सामने आये थे।

Apr 25, 2025 - 09:24
 0
पहलगाम हमलावर आतंकी आसिफ का घर विस्फोट से उड़ाया, आदिल का घर भी जमींदोज
कश्मीर में विस्फोट से उडया गया आतंकी आदिल का घर धू-धू कर जलता हुआ। दूसरे चित्र में आतंकी आसिफ और उसका जमींदोज घर।

-बांदीपोरा में आतंकियों से मुठभेड़, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी कश्मीर के दौरे पर रवाना

सेना के अनुसार, आदिल और आसिफ शेख स्थानीय आतंकियों में से एक थे, जिन्होंने पहलगाम हमले में पाकिस्तानी आतंकवादियों का साथ दिया था। दोनों के घरों को जमींदोज कर यह साफ कर दिया गया है कि अब हर आतंकी और उसके मददगारों को सख्त कीमत चुकानी होगी। दोनों आतंकवादियों के घर रात के समय जमींदोज किये गये। आसिफ के घर में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर उसे विस्फोट से उड़ाया गया। 

इधर, बांदीपोरा जिले के अजास इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खबर के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बांदीपुरा के जंगलों से फायरिंग की आवाजें भी सुनी गई हैं, जिससे लगता है कि वहां मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षाबलों को अंदेशा है कि 1-2 आतंकी इलाके में छिपे हो सकते हैं। यहां एक आतंकवादी के गोली लगने की भी सूचना है, लेकिन वह सुरक्षा बलों के हाथ नहीं लगा है।

पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद सेना और अन्य सुरक्षा बल निरंतर आतंकियों के खिलाफ सर्च ऒपरेशन चला रहे हैं। इस बीच बैसरन घाटी से एक वीडियो सामने आया है जिसमें सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरी ओर, नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भी हालात तनावपूर्ण हो गये हैं। पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए कुछ इलाकों में फायरिंग शुरू कर दी, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर और उधमपुर के दौरे पर रवाना हो चुके हैं। वह घाटी में तैनात सैन्य अफसरों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक करेंगे और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor