पाक पत्रकार का खुलासा, आपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने जहां चाहा, वहां मारा, मुनीर झूठ बोल कर बने फील्ड मार्शल

पाकिस्तान के एक वरिष्ठ पत्रकार अहमद नूरानी ने खुलासा किया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने जहां चाहा, वहां सटीकता के साथ हमला किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के अंतिम दिन भारत ने पाकिस्तान में तबाही मचा दी थी। वहीं, पाकिस्तान की एक भी मिसाइल भारत की सीमा के आगे नहीं बढ़ सकी।

Dec 1, 2025 - 19:42
 0
पाक पत्रकार का खुलासा, आपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने जहां चाहा, वहां मारा, मुनीर झूठ बोल कर बने फील्ड मार्शल

इस्लामाबाद। कहने को तो पाकिस्तान में  जम्हूरियत है, लेकिन असली ताकत सेना के हाथों में है। सेना जैसा चाहती है, वैसा ही होता है। इसकी एक बानगी मई में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान भी देखने को मिला। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीन दिनों तक पाकिस्तान में जमकर कहर बरपाया। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने मीडिया पर चाबुक चलाकर इसे दबाने की भरपूर कोशिश की। इसके बावजूद पाकिस्तान के कुछ पत्रकारों ने उस दौरान देश में हुई तबाही को सार्वजनिक किया है। हाल में ही पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार अहमद नूरानी ने बताया है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में जहां चाहा, वहां हमला किया। वहीं, पाकिस्तान के हथियार सीमा को भी पार नहीं कर पाए।

पत्रकार अहमद नूरानी ने कहा, असीम मुनीर ने फील्ड मार्शल का टाइटल ले तो लिया। बाजू मरोड़े के या बाजू मरोड़े बगैर ही। 7 मई से 10 मई के बीच उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले दिन तो पाकिस्तान ने "भारत के विमान" गिरा दिए, लेकिन बाकी तीन दिन भारत ने जिस तरीके से हमारे ऊपर हमले किए, उसमें जो आखिरी दिन था, अल्लाह ताला की पनाह, एक-एक हमारी एयरबेस को उन्होंने सटीकता के साथ निशाना साधा, और हमारी एक भी मिसाइल उनकी सीमा के आगे नहीं जा सकी। भारतीय डिफेंस सिस्टम एस-400 ने किसी चिड़िया को पर नहीं मारने दिया।   
  
उन्होंने आगे कहा, "यह एक फैक्ट है, जो हमने लोगों से छिपाया, झूठ बोला। बाद में उसी झूठ की बुनियाद के ऊपर फील्ड मार्शल का टाइटल लिया गया। अभी तो हमें यह नहीं पता कि इस फील्ड मार्शल से जान कब छूटेगी।" पत्रकार अहमद नूरानी का यह बयान तब आया है, जब पिछले महीने ही पाकिस्तान के संविधान में संशोधन कर फील्ड मार्शल असीम मुनीर का कार्यकाल 5 साल के लिए कर दिया गया। वह अब चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज के तौर पर भी काम करेंगे। इस दौरान उनकी कमांड में पाकिस्तान के तीनों सेना प्रमुख होंगे। इससे आशंका जताई जा रही है कि असीम मुनीर परोक्ष रूप से पाकिस्तानी सेना को कंट्रोल करेंगे।

असीम मुनीर को नवंबर में ही रिटायर होना था। हालांकि, इसके पहले ही सरकार ने उन्हें चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज का पद दे दिया। ऐसे में एक बार फिर पाकिस्तानी सेना की कमान असीम मुनीर के हाथों में आई है। पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान में सेना ही सबकुछ है। ऐसे में चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज होते हुए भी असीम मुनीर पूरे पाकिस्तान को चलाएंगे और देश की कार्यपालिका पर अपनी पकड़ बनाए रखेंगे।