गलत सूचनाएं फैला रहा है पाक, आतंकियों को दे रहा है राजकीय सम्मान-विक्रम मिसरी

विदेश मंत्रालय ने आज शाम पांच बजे ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें बताया गया कि भारत ने पाकिस्तान के हमले को नाकाम कर दिया और उसके एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कार्रवाई की जानकारी दी, जिसमें विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी भी मौजूद थीं। भारत ने पाकिस्तान के कई ठिकानों को नष्ट किया।

May 8, 2025 - 18:17
May 8, 2025 - 19:12
 0
गलत सूचनाएं फैला रहा है पाक, आतंकियों को दे रहा है राजकीय सम्मान-विक्रम मिसरी


नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश मंत्रालय ने लगातार दूसरे दिन प्रेस कॉन्फेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई कार्रवाई के बारे में बताया गया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी  ने भारत की कार्रवाई की जानकारी दी। इस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी भी मौजूद रहीं।

विदेश सचिव बोले, ''हमारे ऊपर आरोप लगाया कि धार्मिक स्थलों को हमने निशाना बनाया। यह बेबुनियाद है। हमने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। कल पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पूंछ में गुरुद्वारे को निशाना बनाया। पाकिस्तानी  हमलों में अब तक 16 आम नागरिकों की मौत हुई है। पाकिस्तान की ओर से जो एक्शन लिया जा रहा है, वो उकसाने वाला है। हम जवाब दे रहे हैं।''

विक्रम मिसरी बोले, ''सीमापार से गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। पाकिस्तान की रेप्यूटेशन ये है कि वैश्विक आतंकवाद की जड़ वहीं है। पूरे विश्व में आतंकी हमलों पर पाकिस्तान का हाथ जरूर आया है। ओसामा बिन लादेन कहां पाया गया था, यह बताने की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान सीमापार आतंकवाद को बढ़ावा देता है, सबको पता है। पाकिस्तान में आतंकियों का राजकीय सम्मान किया जा रहा है। पाकिस्तान के अधिकारी आतंकवादियों को सम्मान दे रहे हैं। भारत सिर्फ हमले का जवाब दे रहा है। तनाव फैलाने की कोशिश पाकिस्तान ने शुरू की थी। 

दिलचस्प बात यह है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा समिति में पहलगाम को लेकर बयान जारी करते वक्त टीआरएफ का नाम शामिल करने का पाकिस्तान ने विरोध किया। भारत ने जो जवाब दिया है, वो सटीक, नियंत्रित और केंद्रित है। हमने किसी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया। केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र की ओर से घोषित आतंकवादियों का घर है। पाकिस्तान जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त जांच कमेटी की बात कर रहा है, अगर हम पाकिस्तान का ट्रैक रिकॉर्ड देखें तो मुंबई हमला, पठानकोट पर भारत ने फॉरेंसिंक सबूत दिए, दोषियों पर कार्यवाई की मांग की। पाकिस्तानी लश्कर ए तैयबा के आतंकी को भारत ने जब पकड़ा, सारे सबूत पाकिस्तान को दिए, लेकिन पाकिस्तान ने कुछ नहीं किया। पठानकोट पर भी संयुक्त जांच टीम बनी थी, हमने सारी डिटेल्स और सबूत दिए। जैश ए मोहम्मद के सारे सबूत दिए, लेकिन पाकिस्तान ने कुछ नहीं किया।

विंग कमांडर व्योमिका सिंह प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर बिना वजह ही गोलीबारी की तीव्रता बढ़ा दी है। कई जगहों पर मोर्टार का इस्तेमाल पाकिस्तान की ओर से किया जा रहा है। इन हमले में 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है। 

कर्नल सोफिया क़ुरैशी ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा, ''ऑपरेशन सिंदूर के बाद हमने यह स्पष्ट किया था कि पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया था। यह भी दोहराया गया था कि भारत में सैन्य ठिकानों पर कोई भी हमला उचित जवाब को आमंत्रित करेगा। 7-8 मई की रात को उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों पर हमले करने का प्रयास पाकिस्तान ने किया। अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया गया। इन्हें इंटीग्रेटेड काउंटर यूएएस ग्रिड और वायुरक्षा प्रणालियों द्वारा निष्प्रभावी कर दिया गया। हालांकि इन हमलों को निष्क्रिय कर दिया गया। कई जगहों पर मिले मलबे पाकिस्तानी की ओर से किए गए हमलों के सबूत हैं। आज सुबह भारतीय सशक्त बलों ने पाकिस्तान के कई जगह पर एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया। विश्वसनीय रूप से ज्ञात हुआ कि लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को ध्वस्त कर दिया गया।''