पाकिस्तान ने अंधेरे में की नापाक कोशिश, कई ड्रोन भेजे, आर्मी ने की फायरिंग

 सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर के चक बबराल गांव के ऊपर शाम करीब 7:15 बजे एक ड्रोन जैसा उड़ने वाला डिवाइस कई मिनट तक मंडराता रहा. इसके बाद वह वापस पाकिस्तान की दिशा में लौट गया.

Jan 12, 2026 - 07:40
 0
पाकिस्तान ने अंधेरे में की नापाक कोशिश, कई ड्रोन भेजे, आर्मी ने की फायरिंग


 
जम्मू।  जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में रविवार शाम अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी गई। सुरक्षा बलों के मुताबिक ये ड्रोन पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए, कुछ मिनट तक मंडराए और फिर वापस लौट गए। ड्रोन की मौजूदगी के बाद सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने  व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में एलओसी के पास गनिया-कलसियां गांव के ऊपर शाम करीब 6:35 बजे ड्रोन की गतिविधि देखी गई। अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन को देखते ही सेना के जवानों ने मशीनगनों से फायरिंग की।

इसी समय राजौरी जिले के तेरयाथ क्षेत्र के खब्बर गांव में भी एक अन्य ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली। यह ड्रोन कलाकोट के धरमसाल गांव की दिशा से आया और आगे भरख की ओर बढ़ गया। ड्रोन में ब्लिंकिंग लाइट लगी हुई थी, जिससे उसकी पहचान हुई।

सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर के चक बबराल गांव के ऊपर शाम करीब 7:15 बजे एक ड्रोन जैसा उड़ने वाला डिवाइस कई मिनट तक मंडराता रहा। इसके बाद वह वापस पाकिस्तान की दिशा में लौट गया।

पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में एलओसी के पास शाम करीब 6:25 बजे तैन से टोपा की ओर जाते हुए एक और ड्रोन जैसा ऑब्जेक्ट देखा गया। यहां भी ड्रोन में ब्लिंकिंग लाइट देखी गई।

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार रात को सांबा जिले के घगवाल इलाके के पलौरा गांव में सुरक्षा बलों ने एक ड्रोन के जरिए गिराया गया हथियारों का जखीरा बरामद किया था। अधिकारियों के मुताबिक यह ड्रोन भी पाकिस्तान से आया था. बरामद सामग्री में दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 कारतूस और एक ग्रेनेड शामिल था।

लगातार हो रही ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सीमा से सटे इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और ड्रोन के संभावित गिराए गए सामान या घुसपैठ की हर आशंका की जांच की जा रही है।