भारत के साथ टी20 में खेलने से पाक का इनकार, आईसीसी ले सकता है एक्शन, पीसीबी इंटरनेशनल कोर्ट जा सकती है
पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत से मैच खेलने से मना कर दिया है। ऐसे में आईसीसी उसपर एक्शन ले सकती है। पाकिस्तान इससे बचने के लिए 8 साल पुराना मुद्दा उठाएगा।
नई दिल्ली। पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप राउंड में भारत के खिलाफ खेलने से मना कर दिया है। पीसीबी ने सरकार को हथियार बनाकर यह फैसला लिया है। पीसीबी की तरफ से इसपर कोई बयान नहीं आया है। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। इस मैच को छोड़ने का मतलब है कि पाकिस्तान बुरी तरह फंस जाएगा। आईसीसी ने उन्हें चेतावनी भी दे दी है। पाकिस्तान पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है और इसके साथ ही उसपर बैन भी लग सकता है।
आईसीसी के जुर्माने और बैन से बचने के लिए पाकिस्तान 8 साल पुराना मुद्दे का उदाहरण आईसीसी को दे सकता है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार 2018 में पीसीबी ने बीसीसीआई पर एग्रीमेंट तोड़ने का आरोप लगाया था। भारत और पाकिस्तान के बीच 2014 से 2023 के बीच 6 द्विपक्षीय सीरीज होनी थी। इसमें दो सीरीज पाकिस्तान में होने थे लेकिन भारतीय टीम ने दौरा नहीं किया था। पीसीबी ने नुकसान के लिए बदले बीसीसीआई से 63 मिलियन डॉलर की मांग की थी लेकिन आईसीसी ने मांग को ठुकरा दिया था।
2018 की कार्यवाही से जुड़े एक सूत्र ने बताया, 'पीसीबी ने सुनवाई के दौरान बीसीसीआई से पाकिस्तान का दौरा करने से इनकार करने का कारण बताने को कहा। शुरुआत में बीसीसीआई ने कहा कि वह कारण बताने के लिए बाध्य नहीं है। बाद में उसने दावा किया कि भारत सरकार ने दौरे की इजाजत नहीं दी थी।'
पाकिस्तान अब इस मामले का उदाहरण आईसीसी में दे सकता है। अगर आईसीसी उसे भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने के लिए एक्शन लेने का फैसला करती है तो वह इस मामले को उठा सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर आईसीसी ने फिर भी पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लेने का फैसला किया तो वह इस मामले को लेकर इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन में जा सकता है।