भक्ति और श्रद्धा में डूबा नवदुर्गा महोत्सव का पण्डाल: भजनों से गूंजा पूरा क्षेत्र
आगरा। तोता का ताल स्थित मां भगवती सेवा मण्डल द्वारा आयोजित 12 दिवसीय नवदुर्गा महोत्सव पण्डाल में आज भक्ति और श्रद्धा की गंगा बहती रही। “प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी…”, “मैया ऊंचे भवन में होती है तेरी जय-जयकार…”, “लेके पूजा की थाली, ज्योत मैनें जला ली…” जैसे भजनों से पूरा पण्डाल गूंज उठा। भक्तजन झूमते हुए मां दुर्गा के जयकारों के साथ भक्ति में डूबे नजर आए।
भजन संध्या का शुभारम्भ सर्वप्रथम गणपति की आराधना के साथ हुआ। सचिन मनचंदा और चंदन शर्मा ने मां के भजनों के भक्तिमय राग छेड़े, जिसमें वृद्धों से लेकर युवाओं तक ने भक्ति और उत्साह के साथ भाग लिया। प्रातः मंगला आरती के साथ ही मां दुर्गा के पण्डाल में क्षेत्रीय भक्तों की भीड़ उमड़ती रही।
मां दुर्गा के 12 दिवसीय उत्सव में आगामी कार्यक्रमों में 26 सितम्बर को गुब्बारों से सजावट, 27 सितम्बर को देवी जागरण, 28 सितम्बर को डांडिया उत्सव और 29 सितम्बर को महाआरती का आयोजन शामिल होगा। 30 सितम्बर को कन्या पूजन एवं 1 अक्टूबर को आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। उत्सव का समापन 3 अक्टूबर को भण्डारा और सुंदरकाण्ड पाठ के साथ होगा, जबकि 4 अक्टूबर को विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुकेश, आकाश, मनीष, दिनेश कुशवाह, विष्णु, पार्षद विक्रांत कुशवाह, पार्षद अमित पटेल, पिंकी, रिया, सुमन, रूबी सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे। भजनों की गूंज और भक्तों की श्रद्धा ने नवदुर्गा महोत्सव को भव्य और यादगार बना दिया।