पन्नू ने दी राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी
अयोध्या। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर अयोध्या के राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी है। वीडियो के माध्यम से मिली धमकी के बाद पूरी अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा को और भी मजबूत किया गया। एसपी सुरक्षा ने राम मंदिर दर्शन मार्ग समेत प्रमुख स्थलों की जांच की। सुरक्षा बलों के साथ मौके का निरीक्षण किया।
वैसे तो राम मंदिर की सुरक्षा आम दिनों में भी सख्त रहती है और सुरक्षा घेरे से होकर ही श्रद्धालुओं को राम मंदिर में प्रवेश दिया जाता है। पन्नू ने वीडियो मैसेज में 16 और 17 नवंबर को बम से उड़ाने की धमकी दी है। राम जन्मभूमि समेत रामनगरी की सुरक्षा बढ़ाई गई है। हालांकि, सुरक्षा से जुड़े हुए अधिकारियों ने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार किया।
अयोध्या रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि अयोध्या की सुरक्षा पहले से ही हाई सिक्योरिटी जोन है। यहां तैनात सुरक्षा कर्मी भी आतंकी हमले से निपटने के लिए ट्रेंड हैं। पन्नू की धमकी का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर से सुरक्षा की समीक्षा की गई है। साथ ही वीडियो की सत्यता की जांच भी की जा रही है।
यह पहला मौका नहीं है जब खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने राम मंदिर को लेकर दी हो। इससे पहले भी कई बार वह गीदड़ भभकी देता रहा है। गौरतलब है कि आतंकी पन्नू भारत के पंजाब को अलग कर खालिस्तान प्रान्त की मांग करता रहा है। कनाडा में सिख फॉर जस्टिस के नाम से एक ट्रस्ट चलाता है। पिछले दिनों मंदिर में हिन्दुओं के पहले भी आतंकी पन्नू के संगठन सिख फॉर जस्टिस का नाम सामने आया था।