लग्जरी सोसाइटी रंगजी हाइट्स की पार्किंग बनी आग का मैदान, खड़ी कार में लगी अचानक आग, मचा हड़कंप
आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित रंगजी हाइट्स सोसाइटी में पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई, जिससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। कार सोसाइटी निवासी गौरव कत्याल की बताई जा रही है। कोई जनहानि नहीं हुई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित असोपा हॉस्पिटल के पास बनी लग्जरी सोसाइटी ‘रंगजी हाइट्स’ में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे सोसाइटी में रहने वाले लोग दहशत में आ गए।
बताया जा रहा है कि आग सोसाइटी निवासी गौरव कत्याल की कार में लगी। घटना के समय कार पार्किंग में खड़ी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
वीआईपी सोसाइटी में घटना से बढ़ी चिंता
रंगजी हाइट्स एक पॉश और लग्जरी सोसाइटी मानी जाती है, जहाँ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता भी निवास करते हैं। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
दमकल ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और आसपास खड़े अन्य वाहनों व इमारत को नुकसान से बचा लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। सोसाइटी प्रबंधन से भी फायर सेफ्टी को लेकर जानकारी ली जा रही है।