रील का जुनून बना काल, शादी की खुशियों पर टूटा कहर, फिरोजाबाद में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सास की मौत, बहू की हालत नाजुक

फिरोजाबाद। सोशल मीडिया पर रील बनाने का खतरनाक शौक एक परिवार की जिंदगी पर भारी पड़ गया। थाना दक्षिण क्षेत्र में बीती रात हाईवे पार कर रहीं सास-बहू को रील बनाते हुए तेज रफ्तार बाइक सवारों ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सास की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बहू की हालत गंभीर बनी हुई है। घर में शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं।

Feb 18, 2026 - 21:10
 0
रील का जुनून बना काल, शादी की खुशियों पर टूटा कहर, फिरोजाबाद में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सास की मौत, बहू की हालत नाजुक
मृतका का फाइल फोटो।

नगला भाऊ निवासी सरोज (50) के धेवते सनी निवासी हरिदासपुर, मटसैना की 19 फरवरी को शादी तय थी। इसी सिलसिले में सरोज अपनी बहू वीरवती (26) के साथ भात का सामान खरीदने बाजार गई थीं। देर रात दोनों ऑटो से उतरकर रवि यूनिटी हॉस्पिटल के सामने हाईवे पार कर रही थीं, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक लापरवाही से तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे और चलते-चलते रील बना रहे थे। संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे पैदल जा रहीं सास-बहू से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान सरोज ने दम तोड़ दिया, जबकि वीरवती का उपचार जारी है।

हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने बाइक सवार युवकों को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। मृतका के बेटे थान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक श्रेय जैन निवासी जैन नगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। बाइक पर श्रेय जैन के साथ एक और युवक भी सवार था, जिसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

मृतका के परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। मोहल्ले में घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है।

SP_Singh AURGURU Editor