जुनून में बना हैवानः आगरा में युवक ने कुत्ते के सिर पर फोड़ा बम, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
आगरा। सोशल मीडिया की सनक ने एक युवक को हैवान बना दिया। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर दिया है। यहां एक युवक ने सिर्फ वीडियो वायरल करने और फॉलोवर बढ़ाने के लिए कुत्ते के सिर पर बम फोड़ दिया। युवक की इस हरकत को लेकर सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है।
यह शर्मनाक घटना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की गली नंबर एक की बताई जा रही है। बताया गया कि आरोपी युवक इलाके का ही रहने वाला है और सोशल मीडिया पर खुद को स्टंट वीडियो क्रिएटर बताता है। आरोपी अक्सर खतरनाक और विवादित वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता था। इस बार उसने अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए निर्दोष जानवर पर बम बांधकर उसका वीडियो रिकॉर्ड किया।
वीडियो में आरोपी को कुत्ते के पास पटाखा फोड़ते हुए और हंसकर भागते हुए देखा जा सकता है। बम फटने के बाद कुत्ता दर्द से तड़पता हुआ नज़र आता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे लोगों को उदाहरण बनाकर सख्त सजा दी जानी चाहिए ताकि कोई दोबारा इस तरह की हरकत न कर सके।
वीडियो वायरल होने के बाद थाना जगदीशपुरा पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान की जा चुकी है। उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम (प्रिवेंशन ऑफ़ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट ) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।