कोरिया में विमान दुर्घटना, 179 लोगों की मौत
सियोल। दक्षिण कोरिया में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। योनहाप समाचार एजेंसी ने बताया कि दक्षिण कोरिया में हवाईअड्डे पर उतरते समय रनवे से फिसलने के बाद विमान में आग लगने से 179 लोगों की मौत हुई। स्थानीय अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जेजू एयर का विमान मुआन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर रहा था, तभी वह रनवे से फिसल गया।
दुर्घटनाग्रस्त विमान कथित तौर पर जेजू एयर का बोइंग 737-800 था। रिपोर्ट में कहा गया है कि जेजू एयर का विमान, जिसमें 175 यात्री और छह फ्लाइट अटेंडेंट सवार थे वह थाईलैंड से वापस आ रहा था और लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
दक्षिण कोरिया की न्यूज एजेंसी योनहाप की रिपोर्ट के मुताबिक पक्षी के टकराने के कारण विमान के लैंडिग गियर पर असर पड़ा। इस वजह से लैंडिंग गियर फट गया था, जिसकी वजह से आग लग गई। पायलट ने लैंडिंग गियर के फेल होने के बाद विमान को सीधे उतारने का फैसला किया। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान की रफ्तार कम नहीं हो सकी और विमान रनवे के आखिर में पहुंच गया। अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट के अंत में यह बाड़ से टकरा गया और विमान में आग लग गई। जानकारी के अनुसार, 175 यात्रियों में से 173 कोरियाई नागरिक हैं। वहीं 2 थाई नागरिक हैं।