पालीवाल पार्क में मियांवाकी पद्धति से पौधारोपण, 80 से अधिक पक्षी प्रजातियों का बनेगा स्थायी बसेरा

आगरा। पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईको क्लब, आगरा द्वारा 07 अगस्त 2025 को सुबह 6 से 8 बजे तक पालीवाल पार्क स्थित ईको क्लब परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन वर्ष 2025 के पर्यावरण संरक्षण मिशन का हिस्सा रहा, जिसमें मियांवाकी पद्धति के माध्यम से कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

Aug 6, 2025 - 22:07
 0
पालीवाल पार्क में मियांवाकी पद्धति से पौधारोपण, 80 से अधिक पक्षी प्रजातियों का बनेगा स्थायी बसेरा
पालीवाल पार्क स्थित ईको क्लब परिसर में मियांवाकी तकनीक से पौधारोपण करने वाले ईको क्लब के प्रदीप खंडेलवाल और अन्य सदस्य।

-आगरा के ईको क्लब ने पर्यावरण संरक्षण के लिए किया उत्कृष्ट प्रयास

उल्लेखनीय है कि ईको क्लब पिछले 14 वर्षों से प्रतिदिन प्रातः 5 से 8 बजे तक हरियाली संवर्धन और स्वच्छता सेवा कार्य में निरंतर सक्रिय है।

ईको क्लब द्वारा जापानी मियांवाकी पद्धति अपनाते हुए एक ही स्थान पर कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिससे लव बर्ड्स, तितलियों और अन्य जैव विविधताओं को स्थायी निवास मिल सके। आज के कार्यक्रम में 36 बांस, 12 नीम, 12 पीपल, 5 बरगद, 5 बेलपत्र, 50 तुलसी और 12 पाखड़ आदि पौधे रोपे गये।

पौधारोपण में तकनीकी दक्षता दिखाई गई, जहां केवल 5 मिनट में एक सदस्य द्वारा पौधारोपण पूरा किया गया। इससे यह अभियान अधिक व्यवस्थित, प्रभावशाली और समयबद्ध बना। क्लब परिसर में 80 से 95 प्रजातियों के पक्षी देखे जा सकते हैं, जिन्हें बाहर से लाकर अनुकूल वातावरण एवं भोजन की विशेष व्यवस्था द्वारा यहां बसाया गया है। परिणामस्वरूप वे अब यहां स्थायी रूप से निवास करने लगे हैं और उनकी संख्या भी निरंतर बढ़ रही है।

ईको क्लब, पालीवाल पार्क आज मियांवाकी वन और बायोडायवर्सिटी हब के रूप में जाना जाने लगा है। इस कार्य का श्रेय संपूर्ण ईको क्लब टीम को जाता है, परंतु विशेष योगदान संस्थापक प्रदीप खंडेलवाल का उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने इस संकल्पना को साकार किया।

पौधारोपण कार्यक्रम में सम्मिलित प्रमुख सदस्यों में प्रदीप खंडेलवाल के अलावा सतीश गुप्ता, अनिल कटारा, सनी कश्यप, राजू भाई, राजकुमार अरोरा, चतुर्भुज तिवारी आदि शामिल थे।

SP_Singh AURGURU Editor