लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प: केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने बाइक चलाकर जनजागरण रैली को दिखाई हरी झंडी
आगरा। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को गढ़ी जीवनराम, हाथरस रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पर भव्य समारोह, शोभायात्रा एवं जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा स्वयं बाइक चलाकर शोभायात्रा और जनजागरण रैली को रवाना किया। समारोह में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों, समाजसेवा और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल द्वारा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। उपस्थित लोगों ने लोकमाता के जीवन, त्याग, सेवा और सुशासन की परंपरा को नमन किया।
समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने फीता काटकर शोभायात्रा एवं जनजागरण रैली का शुभारंभ किया। विशेष आकर्षण यह रहा कि उन्होंने स्वयं बाइक चलाकर रैली का नेतृत्व किया। रैली में बड़ी संख्या में समाज के लोगों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों के प्रचार-प्रसार का संदेश दिया।
अपने संबोधन में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति थीं, जिन्होंने सुशासन, धर्म, समाजसेवा और महिला सशक्तीकरण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आगामी 21 जून 2026 को एत्मादपुर, आगरा में आयोजित होने वाली लोकमाता मातेश्वरी देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर प्रस्तावित विशाल जनसभा में सपरिवार और ससम्मान सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, अध्यक्ष आकाश बघेल, उपाध्यक्ष गौरव धनगर, ओम सिंह बघेल, कोषाध्यक्ष अनिल बघेल, सह-कोषाध्यक्ष पप्पू सिंह धनगर, रिंकू बघेल, सोनू बघेल, नीरज बघेल, गोपाल धनगर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन जनकल्याण, धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सुशासन की मिसाल है। उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है, जिससे समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो सके।