बिहार में प्रचंड जीत से गदगद पीएम का दावा- कांग्रेस का एक और विभाजन संभव

बिहार में बंपर जीत के बाद दिल्ली बीजेपी हेडक्वार्टर में शानदार जश्न मनाया गया। पीएम मोदी भी इस समारोह में पहुंचे। उन्होंने बिहारी स्टाइल में गमछा हिलाकर जीत का जश्न मनाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरा। इस दौरान उन्होंने प्रचंड जीत के लिए कहा कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। पीएम मोदी ने विपक्ष को भी नसीहत दी। उन्होंने दावा किया कि हो सकता है कांग्रेस का एक और विभाजन हो जाए।

Nov 14, 2025 - 20:54
 0
बिहार में प्रचंड जीत से गदगद पीएम का दावा- कांग्रेस का एक और विभाजन संभव

बिहारी स्टाइल में गमछा लहरा कर मोदी बोले- बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया

नई दिल्ली। बिहार में बीजेपी की जीत के बाद पीएम मोदी बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंचे। अपने संबोधन में उन्होंने दो टूक कहा कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। आज जितने विधायक बीजेपी ने अकेले बिहार में जीते हैं, कांग्रेस पिछले 6 विधानसभा में नहीं जीत पाई। पीएम मोदी ने विपक्ष को भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हो सकता है कांग्रेस का एक और विभाजन हो जाए।

पीएम मोदी ने कहा कि गंगा जी बिहार से बहकर बंगाल तक पहुंचती हैं। बिहार ने बंगाल में बीजेपी की विजय का रास्ता बना दिया। बीजेपी पश्चिम बंगाल से भी जंगल राज उखाड़ फेंकेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 5 साल में बिहार तेज गति से बढ़ेगा, नए उद्योग लगेंगे, निवेश आयेगा, पर्यटन बढ़ेगा, तीर्थों का, ऐतिहासिक धरोहरों का कायाकल्प होगा। देश और दुनिया के निवेशकों से कहता हूं कि बिहार आपके स्वागत को तैयार है। दुनिया में बसे बिहार के लोगों से अपील की कि ये बिहार में निवेश का सबसे उपयुक्त समय है।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तगड़ा अटैक करते हुए कहा कि हो सकता है कांग्रेस का एक और विभाजन हो जाए। उन्होंने कहा कि भारत के विकास में, बिहार के लोगों की बहुत बड़ी भूमिका रही है, लेकिन जिन लोगों ने दशकों तक देश पर शासन किया, उन लोगों ने बिहार को बदनाम किया। इन लोगों ने न बिहार के गौरवशाली अतीत का सम्मान किया और न ही यहां की परंपरा और संस्कृति का आदर किया। सोचिए, जो लोग छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वो लोग बिहार की परंपरा का कितना सम्मान करते होंगे। इनकी हेकड़ी देखिए, छठी मैया से आरजेडी और कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी। और बिहार के लोग ये कभी नहीं भूलेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वो धरती है, जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है, 'झूठ हारता है - जनविश्वास जीतता है'। भारत, अब सच्चे सामाजिक न्याय के लिए वोट कर रहा है। जहां हर परिवार को समानता, सम्मान और अवसर मिलता है और जहां अब तुष्टिकरण की कोई जगह नहीं। भारत के लोग अब सिर्फ विकास चाहते हैं, तेज विकास चाहते हैं, विकसित भारत बनाना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार के चुनाव ने एक और बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासतौर पर हमारा युवा मतदाता, 'मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बहुत गंभीरता से लेता है। बिहार के युवा ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण को जबरदस्त तरीके से सपोर्ट किया है। अब हर दल का दायित्व बनता है कि वे पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को सक्रिय करें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़ें और शत प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो सके।

पीएम मोदी ने कहा कि आज बिहार, देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है, और इनमें हर धर्म और हर जाति के युवा शामिल हैं। उनकी इच्छा, उनकी आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वाले पुराने और सांप्रदायिक एमवाई फार्मूले को ध्वस्त कर दिया है। मैं आज बिहार के युवाओं का विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया है। मैं बहुत विनम्रता से एनडीए के सभी दलों की ओर से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। मैं बिहार की महान जनता को आदरपूर्वक नमन करता हूं। 

पीएम मोदी ने कहा कि ये वही बिहार है, जहां माओवादी और नक्सल इलाकों में 3 बजे मतदान कराना मुश्किल होता था। इस चुनाव में बगैर डर के लोगों ने उत्सव की तरह वोट किया। जंगलराज में मतदान केंद्रों पर हिंसा होती थी, मतपेटियां लूटी जाती थी। इस बार शानदार वोटिंग हुई, हर किसी ने अपनी पसंद से मतदान किया। पहले बिहार में रिपोल होता था। 2005 से पहले होता था। हजारों जगह पर फिर से पोलिंग होती थी। दो चरण के चुनाव में कहीं भी फिर से चुनाव कराने की नौबत नहीं आई।

अब बिहार 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर बढ़ रहा है। बिहार की भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली। बिहार को कांग्रेस और लाल झंडे वालों ने बर्बाद किया। आज वो दिन इतिहास बन गए। आज के परिणाम बिहार के विकास विरोधियों को जवाब है। उनकी बेशर्मी को जवाब है कि बिहार को एक्सप्रेसवे, ट्रेन और एयरपोर्ट की क्या जरूरत है।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है। बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना।

पीएम मोदी ने दिल्ली बीजेपी हेडक्वार्टर पर अपने संबोधन में कहा कि ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास... बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। हम एनडीए के लोग, हम तो जनता जनार्दन के सेवक हैं। हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं, और हम तो जनता जनार्दन का दिल चुरा कर बैठे हुए हैं, इसलिए आज बिहार ने बता दिया है — फिर एक बार एनडीए सरकार।