पीएम मोदी के संदेश से बढ़ा खिलाड़ियों का हौसला, अकोला में सांसद खेल महोत्सव 2025 संपन्न
अकोला (आगरा)। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के मिनी स्टेडियम, अकोला में आयोजित सांसद चतुर्थ खेल महोत्सव 2025 का समापन समारोह ऐतिहासिक, भव्य और जोश से भरे वातावरण में संपन्न हुआ। 20 दिसंबर को सांसद राजकुमार चाहर द्वारा नमो दौड़ के साथ शुरू हुआ यह खेल महोत्सव युवाओं के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का जीवंत मंच बनकर उभरा।
नमो दौड़ से शुरू हुआ उत्सव, पांच विधानसभा क्षेत्रों की प्रतिभाओं ने दिखाया दम, खेलों को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बताया प्रधानमंत्री ने
अकोला (आगरा)। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के मिनी स्टेडियम, अकोला में आयोजित सांसद चतुर्थ खेल महोत्सव 2025 का समापन समारोह ऐतिहासिक, भव्य और जोश से भरे वातावरण में संपन्न हुआ। 20 दिसंबर को सांसद राजकुमार चाहर द्वारा नमो दौड़ के साथ शुरू हुआ यह खेल महोत्सव युवाओं के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का जीवंत मंच बनकर उभरा।
इस महोत्सव में फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों बाह, फतेहाबाद, आगरा ग्रामीण, खेरागढ़ और फतेहपुर सीकरी के खिलाड़ियों ने विधायक खेल स्पर्धाओं के माध्यम से भागीदारी की। 21 दिसंबर से रेलवे ग्राउंड पर शुरू हुआ सांसद क्रिकेट टूर्नामेंट भी निरंतर जारी रहा, जिसने खेल प्रेमियों में खासा रोमांच पैदा किया।
समापन अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल वीडियो संदेश के माध्यम से खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और भारत का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांसद राजकुमार चाहर ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती एवं महाराजा सूरजमल की पुण्यतिथि पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद महिला व पुरुष खिलाड़ियों ने कबड्डी, रस्साकशी, लंबी कूद, कुश्ती, वॉलीबॉल, दौड़ और क्रिकेट सहित कई खेलों में दमखम दिखाया। खिलाड़ियों के जज्बे और खेल भावना ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं पूरा स्टेडियम तालियों की गूंज से भर उठा।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच और प्रेरक नेतृत्व में सांसद खेल महोत्सव एक जनआंदोलन बन चुका है, जिससे ग्रामीण अंचलों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों की खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाओं से युवाओं को नई दिशा मिली है। इस महोत्सव के जरिए नशामुक्ति, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी प्रभावी रूप से दिया जा रहा है।
समापन समारोह में विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को ट्रॉफी, ट्रैक सूट, टी-शर्ट और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सांसद चाहर ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, स्वयंसेवकों और प्रशासन का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन खेलों के माध्यम से विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन दिनेश पचौरी ने किया।
इस अवसर पर आगरा जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक छोटेलाल वर्मा व पुरुषोत्तम खंडेलवाल,अशोक राणा,हेमेंद्र शर्मा,गिर्राज कुशवाहा, श्याम भदौरिया,महेश गोयल,कालीचरन कुशवाहा, उपेंद्र सिंह,राजीव जैन, राजू लवानिया, गंभीर प्रधान,लोकेंद्र चाहर,देवेंद्र रावत,सोनू चौधरी,नितिन वर्मा,शैलू जादौन, सीपी चाहर,प्रभात चाहर,अनिल चाहर,सोनू दिवाकर,राजू प्रधान,उत्तम काका,अभय सैंथिया,मोहन सिंह चाहर,गंगाधर,सुधीर गर्ग,प्रवीना सिंह,रामबती देवी,उदयवीर सिंह,राकेश लोधी,सतेंद्र यादव,सचिन गोयल सहित समस्त जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी एव समस्त खिलाड़ी उपस्थित रहे।