पीएम नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन: जनकल्याण से वैश्विक राजनीति तक की चमकदार यात्रा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 75 वर्ष के हो गए। 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके शासन की शुरुआत ने देश की राजनीति को नया मोड़ दिया। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने न सिर्फ़ भारत की आंतरिक नीतियों में बड़े बदलाव किए, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की पहचान को नई ऊंचाई दी। पीएम मोदी को 75वें जन्मदिन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन समेत तमाम राष्ट्राध्यक्षों ने शुभकामनाएं दी हैं। 

Sep 17, 2025 - 18:45
 0
पीएम नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन: जनकल्याण से वैश्विक राजनीति तक की चमकदार यात्रा

प्रधानमंत्री बनने के बाद प्रमुख उपलब्धियांः आर्थिक और विकास कार्य

जनधन योजना से देश के करोड़ों गरीब परिवार बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े। मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया ने उद्योग और रोजगार के नए अवसर खोले। जीएसटी लागू करके कर व्यवस्था में एकरूपता लाकर आर्थिक सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया। डिजिटल इंडिया के जरिए सरकारी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आमजन तक पहुंचाने की पहल की।

सामाजिक और कल्याणकारी योजनाएं

आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीबों को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया। उज्ज्वला योजना में महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए मुफ्त गैस कनेक्शन दिए। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत देशभर में शौचालय निर्माण और स्वच्छता पर जोर रहा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रतिवर्ष वित्तीय सहायता देना शुरू किया।

कूटनीति और वैश्विक छवि

भारत को वैश्विक मंच पर मजबूत आवाज़ दी। संयुक्त राष्ट्र, जी-20 और ब्रिक्स जैसे मंचों पर भारत की भूमिका अहम हुई। पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों में मजबूती और अमेरिका, जापान, फ्रांस जैसे देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी। योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाकर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित कराया।

बड़े राजनीतिक और ऐतिहासिक निर्णय

धारा 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा खत्म कर एक देश, एक संविधान का सपना पूरा किया। तीन तलाक कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को न्याय और सुरक्षा दी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ। सीएए कानून बनाकर शरणार्थियों को नागरिकता देने का ऐतिहासिक फैसला किया गया।

मुख्यमंत्री के रूप में बड़े कार्य

गुजरात मॉडल ऑफ डेवलपमेंट में मोदी ने गुजरात में बिजली, सड़क और पानी की उपलब्धता पर खास जोर दिया। गांव-गांव तक बिजली पहुंची और उद्योगों के लिए निवेश का माहौल बना। सुजलाम-सुफलाम योजना के जरिए पानी की समस्या दूर करने के लिए चेक डैम और नहरों का जाल बिछाया। औद्योगिक निवेश से वाइब्रेंट गुजरात समिट शुरू की, जिससे गुजरात में बड़े पैमाने पर विदेशी और घरेलू निवेश आया। बिजली सुधार के अंतर्गत ज्योति ग्राम योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई।

2025 में मोदी का भारत

75 साल की उम्र में मोदी एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने विकास, राष्ट्रवाद और कूटनीति का नया मिश्रण तैयार किया। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और अंतरिक्ष अनुसंधान से लेकर डिजिटल नवाचार तक हर क्षेत्र में अग्रणी बनता जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor