जॉर्जिया एयरपोर्ट पर फंसा कवि गोपालदास नीरज के बेटे का परिवार, कतर एयरस्पेस क्लोजर से आई मुसीबत

आगरा। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते युद्ध के बीच बीती रात ईरान द्वारा अमेरिकी एयरबेस पर मिसाइलें दागे जाने के बाद कतर एयरस्पेस को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिनका कनेक्शन दोहा एयरपोर्ट से है। इस संकट का सीधा असर भारत लौटने वाले यात्रियों पर भी पड़ा है। प्रभावितों में आगरा का एक परिवार भी है। प्रख्यात गीतकार और कवि स्व. गोपालदास नीरज के पुत्र शशांक नीरज अपने बेटे-बेटी के साथ छुट्टियों पर जॉर्जिया गए थे, यह परिवार अब जॊर्जिया एयरपोर्ट पर फंसा हुआ है।

Jun 24, 2025 - 10:12
 0
जॉर्जिया एयरपोर्ट पर फंसा कवि गोपालदास नीरज के बेटे का परिवार, कतर एयरस्पेस क्लोजर से आई मुसीबत
कवि गोपाल दास नीरज के पुत्र शशांक नीरज, जो इस समय परिवार के साथ जॊर्जिया में फंसे हुए हैं।  

-शशांक नीरज ने जॊर्जिया एयरपोर्ट से वीडियो बनाकर बयां किया दर्द, बोले- यह वैकेशन अब मुझे नर्क लग रहा है

शशांक ने वीडियो बनाकर बयां किया दर्द

शशांक नीरज ने जॉर्जिया एयरपोर्ट से एक वीडियो जारी किया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कह रहे हैं, मैं तो जॉर्जिया घूमने आया था, लेकिन अब ये वैकेशन मेरे लिए नर्क बन गया है।

वह बताते हैं कि 21 जून को एयर अरेबिया की फ्लाइट से भारत लौटना था, लेकिन फ्लाइट रद्द कर दी गई। जब रिफंड की बात की गई, तो एयरलाइन ने इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि टिकट पर ही लिखा था कि कोई क्षतिपूर्ति नहीं दी जाएगी।

लाखों खर्च फिर भी अनिश्चितता

शशांक नीरज ने बताया कि उन्होंने पहले से ट्रैवल इंश्योरेंस करवा रखा था, लेकिन जब ट्रैवल एजेंट से मदद मांगी, तो उसने साफ कहा कि इस तरह की परिस्थिति में कोई ट्रैवल एलाउंस नहीं दिया जा सकता।

स्थिति से परेशान होकर उन्होंने 25 जून के लिए एयर एमिनेंट्स की फ्लाइट बुक की, जिसकी कीमत साढ़े तीन लाख रुपये है। लेकिन उन्हें अब भी यकीन नहीं है कि वह फ्लाइट उड़ान भर सकेगी या नहीं।

फ्लाइट में बैठने के बाद उतार दिए गए यात्री

शशांक ने आगे बताया कि विगत दिवस यानि 23 जून को उन्हें इंडिगो की एक फ्लाइट मिली, जिसमें वह सवार भी हो गए। उनके साथ करीब 40 भारतीय यात्री और भी बैठे थे। लेकिन तभी उन्हें अचानक फ्लाइट से उतार दिया गया।
बताया गया कि दोहा एयरपोर्ट के पास हमला हुआ है और इसके बाद कतर का एयरस्पेस बंद कर दिया गया है। जब तक कतर एयरस्पेस नहीं खुलता, कोई भी फ्लाइट भारत के लिए रवाना नहीं हो सकती।

शशांक बोले- यहां कई भारतीय फंसे हुए हैं

शशांक नीरज ने यह भी बताया कि वह अकेले नहीं हैं, बल्कि दर्जनों भारतीय परिवार जॉर्जिया के एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं, जिनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

SP_Singh AURGURU Editor