सोशल मीडिया पर उगला ज़हर, 'पाकिस्तान जिंदाबाद' और 'जीभ काटने' वालों की हवालात में टूटी अकड़!
बरेली। सोशल मीडिया को मज़ाक समझने वाले दो युवकों की अब हकीकत से मुलाकात हो चुकी है। बरेली जिले के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में देश-विरोधी और भड़काऊ पोस्ट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
इनमें से एक ने इंस्टाग्राम पर पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाकर देश की अस्मिता पर चोट करने की हिमाकत की, जबकि दूसरा युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर जीभ काटने की धमकी देता नजर आया। दोनों ने समझा था कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुछ भी कह देने से कानून उन तक नहीं पहुंचेगा, लेकिन अब हवालात की सलाखें उन्हें असली आज़ादी की कीमत समझा रही हैं।
ये हैं पकड़े गये दोनों अभियुक्त
थाना बिथरी चैनपुर के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार के अनुसार, इंस्टाग्राम पर की गई इन दोनों युवकों की आपत्तिजनक गतिविधियों की जांच के बाद पाया गया कि यह जानबूझकर समाज में वैमनस्य फैलाने और देशद्रोही मानसिकता दर्शाने वाला कृत्य था। पुलिस ने इरफान उर्फ अतराज शाह और वाजिद शाह, दोनों निवासी ग्राम सैदपुर लश्करीगंज, थाना बिथरी चैनपुर, बरेली को गिरफ्तार किया है।
इनके खिलाफ थाना बिथरी चैनपुर पर धारा 353(2) BNS व 66(D) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपी जब हवालात के अंदर पहुंचे तो वे हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए पुलिस से रहम की भीख मांगते दिखे।
मोबाइल बरामद, जांच तेज
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं, जिनसे वीडियो और पोस्ट वायरल किए गए थे। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया आज की अभिव्यक्ति का सबसे ताकतवर मंच है, लेकिन जब इसका उपयोग देशविरोधी नारेबाज़ी और धमकी भरे वीडियो डालने के लिए किया जाए, तो सख्त कार्रवाई ही एकमात्र जवाब है।