पीओके खुद कहेगा-मैं भारत हूं: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का ऐलान, ऑपरेशन सिंदूर शक्ति और संयम का उदाहरण

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को लेकर एक बड़ा और साहसिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब पीओके स्वयं कहेगा कि वह भारत का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब पाकिस्तान से अगर कोई बातचीत होगी तो वह सिर्फ पाक अधिकृत कश्मीर पर होगी।

May 29, 2025 - 12:25
 0
पीओके खुद कहेगा-मैं भारत हूं: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का ऐलान, ऑपरेशन सिंदूर शक्ति और संयम का उदाहरण

रक्षामंत्री नई दिल्ली में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की वार्षिक आम बैठक में बोल रहे थे। इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में देशभर के शीर्ष उद्योगपति, नीति निर्माता और रक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

पीओके के लोग हमारे अपने हैं

राजनाथ सिंह ने कहा, पीओके के लोग हमारे अपने हैं, वे भारत के ही लोग हैं। अब समय आ गया है जब वे भारत की मुख्यधारा से जुड़ें। एक दिन वह खुद कहेंगे-मैं भारत हूं।  उन्होंने यह भी कहा कि पीओके भारत का अभिन्न हिस्सा है और यह केवल समय की बात है कि वहां के लोग खुद इसे स्वीकार करेंगे।

अब पाकिस्तान से बात सिर्फ पीओके पर

रक्षा मंत्री ने दो टूक कहा कि भारत अब पाकिस्तान से किसी अन्य मुद्दे पर बात नहीं करेगा। अब पाकिस्तान से अगर कोई चर्चा होगी, तो केवल पीओके पर होगी।

ऑपरेशन सिंदूर शक्ति और संयम का उदाहरण

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने हाल में सीमा पर हुई कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर  का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने यह साबित कर दिया है कि हम दुश्मन के किसी भी कवच को भेद सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने शक्ति और संयम दोनों का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। उन्होंने यह भी जोड़ा कि, हम और भी बहुत कुछ कर सकते थे, लेकिन भारत ने जिम्मेदारी और संतुलन का परिचय दिया।

स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम पर गर्व

रक्षामंत्री ने भारत के स्वदेशी रक्षा उत्पादों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देश का एयर डिफेंस सिस्टम अब इतना मजबूत है कि उसने दुनिया को चौंका दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत अब रक्षा उपकरणों के मामले में आत्मनिर्भर बनता जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor