त्योहारों पर शांति-व्यवस्था सुनिश्चित करें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी- सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो। सभी लोग शांति और भाईचारे से खुशियां मनाएं।

Jun 3, 2025 - 10:48
 0
त्योहारों पर शांति-व्यवस्था सुनिश्चित करें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी- सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि सरकार के लिए जनहित सबसे जरूरी है। फील्ड में काम कर रहे अफसरों और पुलिस को चाहिए कि वे सतर्क रहें, समय पर कदम उठाएं और लोगों से संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कई बार छोटे विवाद लापरवाही की वजह से बड़े बन जाते हैं, इसलिए सतर्क रहकर और बातचीत के जरिए ऐसे मामलों को समय रहते सुलझाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जब किसी इलाके में विवाद हो, तो पुलिस को शिकायत का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि तुरंत जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि प्रदेश में शांति और आपसी भाईचारा बना रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जून को गंगा दशहरा, 7 जून को बकरीद और 24 जून को जगन्नाथ रथ यात्रा है, इसलिए इन दिनों खास सतर्कता बरतनी होगी। यह समय कानून-व्यवस्था के लिहाज से काफी संवेदनशील है।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने इलाकों में पहले क्या घटनाएं हुई थीं, उसका रिकॉर्ड देखें, जिन लोगों पर गड़बड़ी फैलाने या नियम तोड़ने का शक हो, उनकी पहचान करें और समय रहते कार्रवाई करें। सभी थानों, तहसीलों और जिलों में शांति समितियों से बातचीत जरूर हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर ट्रैफिक बंद न हो और धार्मिक जगहों के पास लगातार पुलिस की गश्त चलती रहे, ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बकरीद पर कुर्बानी सिर्फ पहले से तय किए गए जगहों पर ही होनी चाहिए, कहीं और नहीं। जिन जानवरों की कुर्बानी पर रोक है, उनकी कुर्बानी बिल्कुल न हो। हर जिले में कुर्बानी के बाद सफाई और कचरे के निपटारे की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। नमाज भी सिर्फ उन जगहों पर होनी चाहिए, जहां पहले से होती आई है। सड़कों को बंद करके नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था का सम्मान जरूर हो, लेकिन कोई नई परंपरा शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

सीएम ने कहा कि हाल ही में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं, इसलिए सभी को इस पर खास ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्ती से सभी सुरक्षा नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को समझाया जाए कि मरे हुए जानवरों को नदियों में बिल्कुल न डालें।

उन्होंने कहा कि बिना अनुमति वाले स्लॉटर हाउस कभी भी नहीं चलने चाहिए, जो स्लॉटर हाउस कानूनी हैं, उनमें तय सीमा से ज्यादा जानवर नहीं रखे जाएं। खुले जगहों पर मांस बेचने पर पूरी तरह रोक होनी चाहिए। बेघर जानवरों के आश्रय स्थलों पर उनके लिए हरा चारा, पानी और अन्य जरूरी चीजें अच्छी तरह से उपलब्ध हों। साथ ही, अगर तेज हवा या तूफान की वजह से बिजली चली जाती है, तो तुरंत उसे वापस लाने के लिए काम शुरू किया जाए ताकि बिजली सेवा प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंसानों की सभ्यता नदियों के पास ही विकसित हुई है। हमारी नदियां हमारी जिंदगी के लिए बहुत जरूरी हैं। इसलिए उनकी सफाई और पुनः सुधार करना जरूरी है। उत्तर प्रदेश में हर जिले में कोई न कोई नदी है, जो अच्छी बात है। जालौन जिले में नून नदी को फिर से साफ और स्वच्छ बनाने का अच्छा उदाहरण है, जिसे अन्य जिलों के लिए प्रेरणा माना जाना चाहिए। इस साल के पौधारोपण अभियान को नदी बचाने और साफ करने के काम से जोड़ दिया जाए।

उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा के लिए गंगा नदी के घाटों की अच्छी सफाई और सजावट की जाए। 4 जून को सफाई अभियान चलाया जाए और 5 जून को शाम को आरती और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। घाटों पर स्नान करने के लिए खास जगहें तय की जाएं। सुरक्षा के लिए गोताखोरों, पीएसी फ्लड यूनिट, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ जैसे बचाव दल वहां मौजूद रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम थीम पर पौधारोपण कार्यक्रम रखा जाए। इसमें सांसद, विधायक और सभी जनप्रतिनिधि शामिल हों। 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 11वें संस्करण की भी तैयारी की जाए। इसके लिए भारत सरकार के योग नियमों के अनुसार मास्टर ट्रेनर तैयार कर जिलों में भेजे जाएं. योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी शामिल होंगे, सीधा प्रसारण सभी जगह किया जाए। नगर विकास और ग्राम विकास विभाग स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाएं। योग दिवस पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाए।

सीएम ने कहा कि सड़क हादसों के लिए यातायात नियमों की अनदेखी सबसे बड़ी वजह है, इसलिए सड़क की डिजाइन और व्यवस्था में सुधार किया जाए, जैसे सही साइनेज और स्पीड ब्रेकर लगाना जरूरी है। अवैध बस और ऑटो स्टैंड को तुरंत हटाया जाए। सभी सड़क हादसों की जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों को पता किया जाए।