आगरा में पुलिस-बदमाश आमने-सामने: मेहताब बाग के पास चला गोलियों का दौर, दो लुटेरे गिरफ्तार

आगरा। मेहताब बाग के पास रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। थाना एत्मादुद्दौला पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल अवस्था में पकड़ा गया। दोनों बदमाश मोबाइल लूट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।

May 18, 2025 - 10:42
 0
आगरा में पुलिस-बदमाश आमने-सामने: मेहताब बाग के पास चला गोलियों का दौर, दो लुटेरे गिरफ्तार
एत्मादुद्दौला क्षेत्र के मेहताब बाग में मुठभेड़ में घायल बदमाश फरीद को पुलिस गिरफ्त में ले जाती हुई टीम।  

-गोली लगने से एक बदमाश घायल, मोबाइल लूट गैंग का पर्दाफाश, तमंचा और लूट का माल बरामद

फायरिंग के बीच धरपकड़

पुलिस टीम जब रात्रि चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध बाइक पर सवार दो युवक मेहताब बाग क्षेत्र में आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली बदमाश फरीद को लगी और वह बाइक से गिर गया। उसके साथी बॉबी को भी मौके से दबोच लिया गया।

लूट की कई वारदातों का खुलासा

पकड़े गए दोनों बदमाशों से पूछताछ में मोबाइल लूट की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए मोबाइल, एक बाइक, तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। घायल बदमाश फरीद को एसएन मेडिकल कॉलेज में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor