आगरा में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, 226 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

आगरा पुलिस ने थाना नाई की मंडी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 226 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1.15 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई रूट और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Jan 23, 2026 - 16:02
 0
आगरा में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, 226 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
तस्करों के बारे में जानकारी देते डीसीपी सिटी।

आगरा। आगरा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना नाई की मंडी पुलिस ने सतर्कता और सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 226 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से गांजा तस्करी की गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में थाना नाई की मंडी पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके से ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। यह आशंका जताई जा रही है कि गांजा किसी दूसरे राज्य से लाया गया था और आगरा सहित आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया, किस नेटवर्क के जरिए इसकी तस्करी हो रही थी और किन-किन शहरों में इसकी आपूर्ति की जानी थी।

डीसीपी सिटी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जा सकती है। पुलिस टीम आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संपर्कों की गहन जांच कर रही है।