आगरा में चेन स्नैचर और पंप चोर के साथ पुलिस की मुठभेड़, घायल होकर अस्पताल पहुंचे दोनों बदमाश
आगरा। जिले में चेन स्नैचिंग और पंपसेट से चोरी की वारदातों में वांछित दो बदमाश बुधवार-गुरुवार की रात अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस की गोली से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को इनके पास से अवैध असलहे, लूटी हुई चेन, नगदी, बाइक, पंप के पार्ट्स और एक कार बरामद हुई है।
ताजगंज में स्नैचर से मुठभेड़
ताजगंज थाने और पर्यटन पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर गढ़ी देवरी के पास एक चेन लुटेरे की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान एक बाइक सवार को रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश विक्की कुशवाहा उर्फ भीकम के पैर में गोली लगी। उसके पास से लूटी गई चेन, नकदी, बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
जांच में पता चला कि विक्की ने 28 मई को ताजगंज स्थित पुरानी मंडी चौराहे पर फरीदाबाद के एक पर्यटक से चेन स्नेचिंग की थी। उसके खिलाफ ताजगंज थाने में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त का विक्की कुशवाह खेरिया मोड़ का रहने वाला है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
फतेहपुरसीकरी में उंदेरा नहर पुल पर चोर से मुठभेड़
उंदेरा नहरपुल के पास पुलिस से मुठभेड़ में घायल बदमाश पुलिस के कब्जे में।
दूसरी मुठभेड़ फतेहपुरसीकरी थाना क्षेत्र के उंदेरा नहरपुल के पास हुई, जहां पंपसेट से चोरी करने पहुंचे दो बदमाशों को पकड़ने के प्रयास में पुलिस पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में एक चोर केशव के पैर में गोली लगी। दूसरा बदमाश भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीपी अछनेरा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति उँदेरा नहर पुल के पास आल्टो कार में सवार होकर पहुंचे हैं और वे खेतों में लगे पंप को खोल कर ले जाने की कोशिश में हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी कर ली।
पुलिस को अपने पास आते देख इनमें से एक बदमाश केशव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान पुलिस की एक गोली केशव के पैर में जा लगी। इसके चलते वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। दूसरे ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस की तत्परता के चलते वह बच नहीं पाया और पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। दूसरे से पूछताछ की जा रही है।
एसीपी ने बताया कि घायल केशव के कब्जे से पुलिस एक अवैध तमंचा .315 बोर, पंप के पार्ट्स व एक ऑल्टो कार बरामद की है। अभियुक्त केशव के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।