राज चौहान मर्डर केस में पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, दो और इनामी बदमाश दबोचे
राज चौहान हत्याकांड में आगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 25-25 हजार के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। अवैध हथियार और वाहन बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे गैंग नेटवर्क पर शिकंजा कस चुका है और आगे और खुलासे होंगे।
दोनों पर था 25-25 हजार का इनाम, गैंग के नेटवर्क पर कसा शिकंजा
आगरा। राज चौहान हत्याकांड में आगरा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए पूरे गैंग के नेटवर्क को हिलाकर रख दिया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो पुलिस मुठभेड़ों में दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में आगरा पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
गौरतलब है कि 23 जनवरी 2026 की रात थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में राज चौहान नामक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पहली मुठभेड़ : एत्मादपुर मदिरा अंडरपास
देर रात थाना बमरौली कटारा पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एत्मादपुर मदिरा अंडरपास के पास मुठभेड़ हुई। इस दौरान 25 हजार के इनामी अभियुक्त विष्णु पंडित उर्फ भुल्ला को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
दूसरी मुठभेड़ : थाना एत्मादपुर क्षेत्र
इसी तरह देर रात मुखबिर की सूचना पर थाना एत्मादपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी आकाश प्रजापति को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उसने अपने को पुलिस से घिरा देख फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा व मिस कारतूस बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पहले ही पकड़े जा चुके आरोपी
इससे पहले इस हत्याकांड में शामिल इनामी आरोपी आशु और मोहित को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी अरबाज की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
पुलिस का दावा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस हत्याकांड से जुड़े पूरे गैंग नेटवर्क की कड़ियां खुल रही हैं और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे व गिरफ्तारियां संभव हैं।