बरेली में हाईवे पर पुलिस की घेराबंदी, 52.4 किलो डोडा के साथ पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
-आरके सिंह- बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए होंडा सिटी कार से 52 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया। पुलिस ने मौके से पंजाब के पटियाला निवासी दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और 10,070 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि भोजीपुरा पुलिस टीम दीदारपट्टी यात्री शेड के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां खड़ी सफेद रंग की होंडा सिटी कार संख्या डीएल 7सीएफ 9865 संदिग्ध प्रतीत हुई। तलाशी लेने पर कार से 52 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ।
पुलिस ने कार सवार मंगतदीन निवासी गोविंदनगर, पटियाला और परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह निवासी ग्राम बिलावरपुर, पटियाला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने डोडा स्थानीय स्तर पर सोनू नामक व्यक्ति से खरीदा था और उसे पंजाब ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
पुलिस के मुताबिक परमजीत सिंह के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट और प्रिजन एक्ट के तहत सात से अधिक मामले दर्ज हैं। मंगतदीन का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। भोजीपुरा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय बहादुर सिंह, मुख्य आरक्षी सुमित शर्मा, मोहम्मद इदरीश, आरक्षी नवीन और नितिन कुमार शामिल रहे।