ताज रॉयल होटल में जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, हिस्ट्रीशीटर बशीर खान सहित 7 गिरफ्तार

आगरा के नामचीन ताज रॉयल होटल में चल रहे कथित जुए के अड्डे का बसई पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद होटल के कमरा नंबर 302 में छापेमारी कर सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, ताश के पत्ते और कई वाहन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में शाहिद नगर निवासी बशीर खान भी शामिल है, जिस पर पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

Jun 3, 2026 - 23:48
 0
ताज रॉयल होटल में जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, हिस्ट्रीशीटर बशीर खान  सहित 7 गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में जुआरी।

ताज रॉयल होटल के कमरे में सज हुई थी जुए की महफिल

आगरा। आगरा के चर्चित ताज रॉयल होटल में जुए की सूचना मिलने पर थाना बसई जगनेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के कमरा नंबर 302 पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि कार्रवाई से पहले पुलिस ने उच्चाधिकारियों से अनुमति प्राप्त की थी। छापेमारी के दौरान कमरे में जुए की महफिल सजी मिली, जहां कई लोग हार-जीत की बाजी लगा रहे थे।

पुलिस ने मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गौरव (राजपुर चुंगी), सुशील उर्फ सोनू (कहरई मोड़), अजीत कुमार (कहरई मोड़), ब्रह्मस्वरूप (शमशाबाद), केशव सिंह (प्रेम नगर), बशीर खान (शाहिद नगर/सदर क्षेत्र) और शिवम (राजपुर चुंगी) के रूप में हुई है।

डेढ़ लाख रुपये नकद और वाहन बरामद

पुलिस टीम ने मौके से लगभग 1.5 लाख रुपये नकद, ताश के पत्ते तथा कई वाहन बरामद किए हैं। बरामदगी को पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिस्ट्रीशीटर बशीर खान की गिरफ्तारी चर्चा में

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल बशीर खान की गिरफ्तारी सबसे अधिक चर्चा का विषय बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार बशीर खान पर पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जाता है कि वह पूर्व में जीआरपी के तत्कालीन इंस्पेक्टर ललित त्यागी से जुड़े एक चर्चित लूट प्रकरण में भी जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

होटल संचालकों में मचा हड़कंप

शहर के प्रतिष्ठित होटल में जुए के अड्डे के खुलासे के बाद होटल कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि होटल प्रबंधन को कमरे में चल रही गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं। मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।