केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल के आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे धनगर समाज के लोगों को पुलिस ने रोका

आगरा। धनगर जाति के लोगों को अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र सुगमता से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निर्गत न किए जाने के विरोध में आज राष्ट्रीय धनगर महासभा के आह्वान पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे समाज के लोगों को पुलिस ने रोक दिया।

May 4, 2025 - 12:55
May 4, 2025 - 12:57
 0
केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल के आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे धनगर समाज के लोगों को पुलिस ने रोका

पुलिस ने केंद्रीय मंत्री के आवास को छावनी में तब्दील कर दिया है। लोग बेरीकेडिंग के पास खड़े होकर नारेबाजी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा धनगर समाज के व्यक्तियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने के कई शासनादेश तथा उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा कई निर्णय दिए जा चुके हैं। इसके बाद भी तहसीलदारों द्वारा धनगर अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। इसी को लेकर धनगर समाज में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल प्रमाण पत्र नहीं बनने दे रहे हैं।

इसी को लेकर आज राष्ट्रीय धनगर महासभा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में धनगर समाज के लोग मानस नगर पर एकत्रित होकर पैदल जुलूस निकालकर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद एसपी सिंह बघेल के निवास पर जाने लगे। निवास से पहले ही बीच में ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। समाज के लोगों का आरोप है कि केंद्रीय राज्य मंत्री ने अपना तो प्रमाण पत्र बनवा लिया पर समाज के अन्य लोगों का वह प्रमाण पत्र नहीं बनने दे रहे हैं।