आगरा में ट्रांस यमुना के 'शनी शूटर' और 'लिरिया' के आतंक पर पुलिस का शिकंजा, दोनों गिरफ़्तार
आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो रंगबाजों 'शनी शूटर' और 'लिरिया' को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। कभी स्कूल वैन पर हमला, कभी फायरिंग और पथराव कर दहशत फैलाना इनकी रोज की हरकतें बनती जा रही थीं। इनकी करतूतों से परेशान जनता ने जब एकजुट होकर आवाज़ उठाई, तब जाकर पुलिस ने सक्रियता दिखाई। देर रात फिल्मी स्टाइल में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों में 19 वर्षीय शनी शूटर उर्फ शनी शर्मा पुत्र विपिन शर्मा निवासी सती नगर मंडी, मधुवाटिका थाना ट्रांस यमुना, और 20 वर्षीय आकाश उर्फ लिरिया पुत्र सौदान सिंह निवासी राकेश नगर, गली नंबर तीन, ट्रांस यमुना शामिल हैं। दोनों को सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे झरना नाले के पास से गिरफ्तार किया गया।
बाइक से भागे, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
गश्त कर रही पुलिस टीम ने झरना नाले के पास से गुजर रही मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। लेकिन सवार भागने लगे। कच्चे रास्ते पर एक बाइक फिसलने से दोनों आरोपी गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, और स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई।
स्कूल वैन पर किया था हमला
गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता 9 जुलाई को हुई एक गंभीर वारदात में सामने आई है, जब एक स्कूल वैन पर तीन युवकों ने हमला कर दिया था। वैन पर ईंट-पत्थर बरसाए गए, जबकि अंदर एक स्कूली छात्र भी मौजूद था। पथराव में वैन चालक लक्ष्मण सिंह घायल हुआ था। वैन के शीशे भी टूट गये थे।
इलाके में लगातार बढ़ा रहे थे आतंक
इस हमले के बाद भी आरोपियों का आतंक कम नहीं हुआ। 20 जुलाई को क्षेत्रवासियों ने जब दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बैठक की, उसी दौरान शनी शूटर और आकाश उर्फ लिरिया ने श्याम विहार कॉलोनी निवासी नेत्रपाल सिंह पर भी ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। बाद में ये युवक हथियार लेकर मौके पर आए और फायरिंग कर फिर से पथराव किया।
पुरानी रंजिश बनी कारण
पीड़ित नेत्रपाल सिंह का आरोप है कि स्कूली वैन पर हमले के मामले में शनी को पुलिस से पकड़वाया था, इसी बात की रंजिश दोनों युवक पाले हुए थे। खुद को इलाके में 'डॉन' की तरह पेश करने के लिए उन्होंने आम जनता को निशाना बनाना शुरू कर दिया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
इस मामले में थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया। उनके खिलाफ पहले से दर्ज मामलों की भी जांच की जा रही है। दोनों युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।