प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, भाजपा प्रत्याशी को हराया, दतिया में कांग्रेस जीती, मांजलपुर में बीजेपी जीती
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। सभी 31 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद उन्हें 63,203 वोट मिले। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 18,953 मतों से पीछे छोड़ दिया। नीरज सिन्हा को 44,250 वोट मिले। वहीं राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 14,085 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहीं।
नई दिल्ली। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक और प्रत्याशी प्रशांत किशोर चुनाव जीत चुके हैं। सभी राउंड की मतगणना पूरी होने के साथ ही प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की। इस जीत को बिहार की राजनीति में जन सुराज के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बांकीपुर में लगातार विकास कार्य किए हैं और आगे भी यह क्षेत्र पार्टी की प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोग भाजपा के अपने लोग हैं। सरावगी ने स्वीकार किया कि पार्टी को अपेक्षा से कम वोट मिले हैं और इसके कारणों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव परिणाम का विश्लेषण करेगी और भविष्य की रणनीति तय करेगी। साथ ही उन्होंने चुनाव में जीत हासिल करने वाले प्रत्याशी को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के कुंवर घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की करारी हार के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटना पार्टी की भारी भूल माना जा रहा है। समर्थकों के आक्रोश ने खेल बिगाड़ दिया। भारतीय राजनीति में यह कहावत अक्सर सही साबित होती है कि चुनाव केवल पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े जनाधार वाले नेताओं के दम पर जीते जाते हैं। किसी कद्दावर नेता को किनारे करके केवल संगठन के भरोसे चुनावी वैतरणी पार करने का भ्रम कई बार भारी पड़ जाता है। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने एक बार फिर इस राजनीतिक कड़वी सच्चाई को साबित कर दिया है।
मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी 30630 वोटों के अंतर से जीत दर्जी की है। बीजेपी उम्मीदवार सतीश पटेल को कुल 55481 वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी को 24851 वोट मिले हैं। मांजलपुर में नोटा पर 2247 वोट पड़े हैं।