‘दहेज का चक्रव्यूह’ का प्रीमियर शो: बेटी के संघर्ष और सशक्तिकरण की प्रेरक गूंज

आगरा। दहेज जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बनी आरए मूवीज की सामाजिक संदेशप्रधान फिल्म दहेज का चक्रव्यूह ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। शुक्रवार को डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में आयोजित प्रीमियर शो में बेटियों के दर्द, आत्मबल और संघर्ष को पर्दे पर जीवंत होते देख दर्शकों की आंखें नम हो गईं, तो कहीं नई सोच की लौ भी जली।

Jul 4, 2025 - 19:57
 0
‘दहेज का चक्रव्यूह’ का प्रीमियर शो: बेटी के संघर्ष और सशक्तिकरण की प्रेरक गूंज
डॊ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में शुक्रवार को दहेज का चक्रव्यूह फिल्म के प्रीमियर शो के दौरान मंच पर मौजूद फिल्म के कलाकार और अतिथि।  

फिल्म में दिखाया गया कि किस तरह एक बेटी दहेज उत्पीड़न के खिलाफ खड़ी होकर आत्मनिर्भर बनती है और अंततः महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम करते हुए राष्ट्रपति पुरस्कार तक प्राप्त करती है।

बेटी: उपहार नहीं, वरदान

प्रीमियर शो का उद्घाटन डवलपमेंट काउंसिल ऑफ फुटवेयर एंड लैदर इंडस्ट्री के चेयरमैन पूरन डावर और एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरपर्सन एके सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि “बेटी से बड़ा धन कोई नहीं। जो बेटी के साथ धन मांगे, वह इंसान नहीं सौदागर है।”

सत्य घटना पर आधारित है फिल्म

फिल्म के निर्माता रंजीत सामा ने बताया कि यह फिल्म एक सत्य घटना पर आधारित है, जिसमें आगरा के कलाकारों ने अभिनय किया है। कहानी दिखाती है कि कैसे बेटियों को आज भी शादी के बाद केवल दहेज की वस्तु समझा जाता है, और कैसे यह मांग केवल शादी तक नहीं बल्कि जीवन भर बनी रहती है।

कलाकारों और टीम ने दिखाया शानदार समर्पण

फिल्म के निर्देशक अविनाश वर्मा, क्रिएटिव निर्देशक रंजीत चौधरी, स्क्रिप्ट राइटर महेश धाकड़ और गीतकार संजय दुबे व सुजाता शर्मा हैं। अभिनय करने वालों में जीतेश आशीवाल, मोनिका यादव, सोमनाथ यादव, उमाशंकर मिश्र, पूजा शर्मा, सहित कई स्थानीय कलाकार शामिल हैं। तकनीकी टीम में सुहैल यासीन, मानसी, रोहित सिकरवार, दुर्गेश शर्मा, नवल बाबा जैसे समर्पित लोग भी रहे।

समाज को दी नई दिशा

इस अवसर पर अनिल अरोड़ा, वीरबल खान, सुशील गुप्ता, संजीव कोचर, रेनू गुप्ता, प्रमोद महाजन, सुधीर महाजन, नारायण बहरानी आदि की उपस्थिति रही। सभी ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि यह सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं, समाज को आईना दिखाने वाला माध्यम है।

SP_Singh AURGURU Editor