आगरा में सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा को लेकर तैयारी तेज, 7 केंद्रों पर 10,455 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

आगरा में 18 और 19 अप्रैल को सहायक आचार्य चयन पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 7 केंद्रों पर 10,455 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, मजिस्ट्रेट तैनाती और गोपनीय सामग्री की विशेष सुरक्षा सुनिश्चित की है।

Apr 13, 2026 - 20:02
 0
आगरा में सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा को लेकर तैयारी तेज, 7 केंद्रों पर 10,455 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
सहायक आचार्य परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों संग बैठक करते मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप।

नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

आगरा। उ0प्र0 शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा 18 और 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली सहायक आचार्य चयन पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा को नकलविहीन, शुचितापूर्ण, सकुशल और निर्विवाद रूप से संपन्न कराने के लिए मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जनपद आगरा में परीक्षा के लिए कुल 7 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो दिनों में कुल 10,455 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक और दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित होगी। आगरा में सेंट जॉन्स कॉलेज ब्लॉक-A, एमजी रोड, सेंट जॉन्स कॉलेज ब्लॉक-B, एमजी रोड, श्री केदारनाथ सेक्सरिया आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बेलनगंज, साकेत विद्यापीठ इंटर कॉलेज, शाहगंज, राजकीय इंटर कॉलेज, पचकुंया शाहगंज, राजा बलवंत सिंह इंटर कॉलेज, खंदारी और नगर निगम इंटर कॉलेज, ताजगंज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 

कड़ी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू

मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि एक अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और हर सेक्टर के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। गोपनीय सामग्री को कोषागार में डबल लॉकर में सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, बिजली, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों की ट्रेनिंग और ब्रीफिंग कराई जाएगी। 

गोपनीय सामग्री की सुरक्षा पर विशेष जोर

परीक्षा दिवस पर कोषागार से प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री को कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। परीक्षा के बाद आयोग के निर्देशानुसार सामग्री को सुरक्षित रूप से वापस जमा कराया जाएगा। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सतर्कता से करें। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।