इतिहास के गौरव को मिले पहचान, राणा सांगा की भव्य प्रतिमा को सांसद राजकुमार चाहर का सीएम को पत्र
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर फतेहपुर सीकरी बाईपास पर महाराणा सांगा की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे खानुआ युद्ध की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान मिलेगा, युवाओं में राष्ट्र गौरव बढ़ेगा और पर्यटन व सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
फतेहपुर सीकरी बाईपास पर महाराणा सांगा की भव्य प्रतिमा स्थापित हो-राजकुमार चाहर, अपर मुख्य सचिव से वार्ता के बाद की गई ऐतिहासिक पहल
आगरा। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर फतेहपुर सीकरी बाईपास मार्ग पर महाराणा सांगा (राणा सांगा) की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की है। इससे पहले उन्होंने इस विषय पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद से विस्तृत वार्ता की और फिर औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री के नाम पत्र प्रेषित किया।
खानुआ का रण-स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक
पत्र में सांसद चाहर ने उल्लेख किया कि खानुआ के मैदान में बाबर के साथ लड़ा गया राणा सांगा का युद्ध भारतीय इतिहास के सबसे गौरवशाली और निर्णायक अध्यायों में से एक है। यह युद्ध केवल सामरिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि भारतीय स्वाभिमान, वीरता, बलिदान और राष्ट्र-रक्षा की भावना का भी सशक्त प्रतीक है। राणा सांगा उन महानायकों में अग्रणी रहे जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संगठित प्रतिरोध खड़ा किया।
पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा बल
सांसद ने पत्र में यह भी रेखांकित किया कि फतेहपुर सीकरी एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से लाखों पर्यटक आते हैं। यदि बाईपास मार्ग पर उपयुक्त स्थान पर महाराणा सांगा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है, तो इससे भारतीय इतिहास की चेतना और सम्मान को नया आयाम मिलेगा, युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्र गौरव और ऐतिहासिक बोध का विकास होगा,पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और उत्तर प्रदेश–राजस्थान की साझा सांस्कृतिक विरासत को सशक्त पहचान प्राप्त होगी।
ऐतिहासिक स्मृति से प्रेरणा
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि ऐसी प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा केंद्र होगी, जो देश के गौरवशाली अतीत और वीर परंपरा से परिचित कराएगी।