आगरा में चंबल के बीहड़ स्थित देवी मंदिर के पुजारी का धारदार हथियार से कत्ल, जांच में जुटी पुलिस
आगरा। आगरा जनपद के पिनाहट थाना क्षेत्र अंतर्गत विप्रावली के चंबल बीहड़ में स्थित चौमुखा आश्रम में रविवार को 68 वर्षीय वृद्ध साधु की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक पातीराम कुशवाह आश्रम स्थित चौमुखा माता मंदिर पर पुजारी थे। साधु का शव आश्रम परिसर में मृत अवस्था में पड़ा मिला, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार मृतक साधु विप्रावली के पास रोहाई के चौमुखा देवी मंदिर पर निवास करते थे। रविवार को जब आश्रम में साधु का शव आश्रम परिसर में रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला तो स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पिनाहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया।
पुलिस ने आगरा से डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वाड ने आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की। पुलिस का प्राथमिक आकलन है कि साधु की हत्या धारदार हथियार से की गई है।
मृतक के पुत्र उमेश कुमार, निवासी पिनाहट आगरा रोड, ने बताया कि उनके पिता आश्रम में स्थित देवी मंदिर पर पुजारी थे। उन्हें सूचना मिली तो वे मंदिर पहुंचे तो देखा कि पिता मृत अवस्था में पड़े थे और शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे।
पिनाहट थाना क्षेत्र के विप्रावली के बीहड़ में स्थित चौमुखा आश्रम अपेक्षाकृत सुनसान इलाके में है, जिससे पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आश्रम में आने-जाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारणों तथा आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराये गये हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।