आगरा कॉलेज को प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने आठ माह में दिलाई नई पहचान
आगरा। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि कॉलेज के उन्नयन और संवर्धन की दिशा में पिछले आठ महीनों में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
आगरा। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि कॉलेज के उन्नयन और संवर्धन की दिशा में पिछले आठ महीनों में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
प्रो. गौतम ने बताया कि मार्च 2025 में पूर्णकालिक प्राचार्य का पदभार ग्रहण करने के बाद उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती कॉलेज में संचालित नियमित और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में घटती प्रवेश संख्या को रोकना था। शिक्षकों और प्रवेश समितियों के अथक प्रयासों से इस वर्ष बी.ए., बी.एससी., एम.ए., एम.एससी., बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी, बी.ए. एल.एल.बी., एल.एल.बी., एल.एल.एम., और डिप्लोमा इन जर्नलिज़्म की सभी सीटें पूर्ण रूप से भर चुकी हैं। यहां तक कि फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की सभी शाखाओं की सीटें भी दशकों बाद पहली बार पूरी तरह भरी गईं।
उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ परीक्षाओं को शुचितापूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया गया। साथ ही सामान्य प्रशासन, अनुशासन और वित्तीय प्रशासन को दुरुस्त करने का काम किया गया, जिसे पूर्व प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ल द्वारा अस्त-व्यस्त कर दिया गया था। इस सुधार कार्य में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भरपूर सहयोग किया।
प्राचार्य प्रो. गौतम ने बताया कि कॉलेज की द्विशताब्दी वर्ष (2023) की परियोजनाओं के अंतर्गत 09 प्रमुख प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन को भेजे गए हैं। इनमें आचार्य चाणक्य परीक्षा भवन (3,000 विद्यार्थियों की क्षमता), पंडित दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास केंद्र, गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययन संस्थान, गंगाधर शास्त्री प्राच्य विद्या अध्ययन केंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर विदेशी भाषा अध्ययन संस्थान और एकेडमिक स्टाफ कॉलेज जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं को प्रारंभिक स्वीकृति मिल चुकी है।
जमीन से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए प्रो. गौतम ने कहा कि कॉलेज की लगभग 20 एकड़ भूमि, जिस पर अराजक तत्व कब्जा जमाकर असामाजिक गतिविधियां चला रहे थे, वहां उच्च शिक्षामंत्री, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर के सहयोग से बाउंड्री निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है। इस कार्य में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने जो सहयोग किया उसकी सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल संस्थान, आगरा द्वारा कॉलेज में गंगाजल की पाइपलाइन डाली जा रही है, जिससे शुद्ध जल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
प्रेस वार्ता के अंत में प्रो. गौतम ने कहा कि आगरा कॉलेज सदैव अध्ययन, अध्यापन, शुचितापूर्ण परीक्षा और शोध कार्यों के लिए जाना जाता है। अब भौतिक अवसंरचनाओं के जीर्णोद्धार का कार्य भी प्राथमिकता पर किया जा रहा है, जिसके लिए समाज और पूर्व छात्रों से सहयोग की अपील की गई है।
उपस्थित प्रमुख शिक्षकगण
उप प्राचार्य प्रो. पी. बी. झा, प्रो. मृदुल शर्मा, प्रो. भूपाल सिंह, प्रो. शशिकांत पांडेय, प्रो. भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रो. ए. के. सिंह, डॉ. गौरव कौशिक, प्रो. रंजीत सिंह, प्रो. विजय कुमार सिंह, प्रो. राजेश वर्मा, डॉ. रिजु निगम, प्रो. सुनीता यादव, प्रो. दीपा रावत, प्रो. नीरजा महेश्वरी, प्रो. निखिलेश तिवारी, बृजेश हरित सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।