प्रियंका चाहर का प्लास्टिक सर्जरी पर गोलमोल जवाब- ये मेरा हक

 'नागिन 7' में नजर आने वालीं प्रियंका चाहर चौधरी के लिए कहा जा रहा था कि उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी करवाई है। लोग उनकी पुरानी तस्वीरों से तुलना कर रहे थे। प्रियंका ने अब इस पर गोलमोल जवाब दिया है और कहा है कि वह एक साल से दवाइयां खा रही थीं, जिससे चेहरा फूला, पर हर किसी को सुंदर दिखने का अधिकार है।  

Dec 24, 2025 - 22:28
 0
प्रियंका चाहर का प्लास्टिक सर्जरी पर गोलमोल जवाब- ये मेरा हक

मुंबई। प्रियंका चाहर चौधरी जल्द ही टीवी शो 'नागिन 7' में नजर आएंगी, जिसमें वह अनंत कुल की नागरानी का रोल प्ले करेंगी। जहां फैंस प्रियंका को इस अवतार में देखने के लिए उत्साहित हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसी चर्चाएं भी हैं कि एक्ट्रेस ने कॉस्मेटिक सर्जरी या प्लास्टिक सर्जरी करवाई है। उनका लुक पहले से काफी बदला नजर आ रहा है। अब इस पर फाइनली प्रियंका ने रिएक्ट किया है, और उन्हें करारा जवाब दिया है, जो लोगों को उनके लुक्स और अपीयरेंस के आधार पर जज करते हैं।

प्रियंका चाहर चौधरी ने 'ईटाइम्स टीवी' से बातचीत में बताया कि वह पिछले एक साल से दवाइयां खा रही थीं। वह जिस चीज से गुजरी हैं, उसके बारे में लोगों को पता नहीं हैं। वह भारी-भरकम दवाइयां खा रही थीं। हालांकि, सर्जरी पर उन्होंने गोलमोल जवाब दिया और कहा कि हर किसी को अपनी खूबसूरती बढ़ाने का अधिकार है और यह उनकी मर्जी है।  

प्रियंका ने कहा, 'ये सब बातें काफी समय से चल रही हैं। पिछले साल भर मैं दवाइयां ले रही थी और मुझे एंटीबायोटिक्स की बहुत ज्यादा खुराक दी गईं, लेकिन ज्यादातर लोगों को यह पता नहीं है। इससे मेरा वजन कम हो गया, लेकिन मेरा चेहरा फूला हुआ सा लग रहा था। हालांकि, लोग इसे कुछ और ही समझ रहे थे। छोटी-मोटी बातों की तो, कोई बात नहीं। हर किसी को अपनी सुंदरता बढ़ाने का अधिकार है, और यह पूरी तरह से मेरी मर्जी है। अगर मैं काजल लगाती हूं या लेंस पहनती हूं, तो लोग सोचने लगते हैं कि मैंने अपने चेहरे पर कुछ करवाया है। दोस्तों, ये मेरा चेहरा है और इसकी अपनी एक अलग पहचान है। ये बस थोड़ा सा टच-अप या मेकअप है। अगर आप इसे मेकअप कहकर देखते हैं, तो भी लोग कुछ न कुछ कह ही देते हैं, और ये सही नहीं है।'

प्रियंका से जब लोगों द्वारा रूप-रंग पर कमेंट किए जाने और आलोचना के बारे में पूछा गया, तो वह बोलीं, 'इसमें समस्या क्या है? यह आपकी पसंद है। यह आपका चेहरा है और यह पूरी तरह से आप पर निर्भर करता है। अगर किसी को यह बुरा भी लगता है, तो भी यह आपका ही फैसला है। तो फिर लोगों को इस पर टिप्पणी करने या चिंता करने की क्या जरूरत है? मैं मानती हूं कि हम पब्लिक फिगर हैं, लेकिन कभी-कभी लोग बहुत असंवेदनशील हो जाते हैं, और ऐसा नहीं होना चाहिए। मैं इसे सहजता से लेती हूं, लेकिन ऐसे कई लोग हैं जो ऐसी टिप्पणियों को सहन नहीं कर पाते।'

प्रियंका चाहर चौधरी ने फिर आगे कहा, 'मैं सभी से एक बात कहना चाहती हूं कि रूप-रंग के कुछ ऐसे पहलू होते हैं जिन पर आपको कभी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। केवल उसी चीज पर टिप्पणी करें, जिसे दस सेकेंड में ठीक किया जा सके। अगर आप किसी के बालों को बिखरा हुआ कहते हैं, तो उसे जल्दी ठीक किया जा सकता है। लेकिन किसी की लंबाई या शरीर पर कमेंट करना सही नहीं है।'

'किसी के भी रूप-रंग पर कमेंट करना गलत है क्योंकि इससे असुरक्षा की भावना पैदा होती है। हो सकता है कि मुझ पर इसका असर न पड़े, लेकिन मैं जानती हूं कि बहुत से लोगों पर पड़ता है। वो इसे खुलकर नहीं कहते, लेकिन वो इसे अंदर ही अंदर महसूस करते हैं। मेरे कुछ दोस्त छोटे कद के हैं, और भले ही वो शिकायत न करें, मैं जानती हूं कि वो परेशान होते हैं और असहज महसूस करते हैं। इसीलिए ऐसे कमेंट्स ठीक नहीं हैं और लोगों को ऐसा करना बंद कर देना चाहिए।'