फायर एनओसी की प्रक्रिया अब होगी पारदर्शी और समयबद्ध, निवेश मित्र पोर्टल-2 से जुड़ेगा सीएम दफ्तर
आगरा। फायर एनओसी की प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जल्द ही निवेश मित्र पोर्टल-2 लॉन्च किया जा रहा है, जो सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़ा होगा। यह जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ अनिमेश सिंह ने बुधवार को चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दी। कार्यक्रम का आयोजन होटल होली डे-इन में फायर विभाग समन्वय प्रकोष्ठ के चेयरमैन नीरज अग्रवाल द्वारा किया गया।
नेशनल चैंबर ऒफ इंडस्ट्रीज एंड कॊमर्स की इस बैठक में बताया गया कि विभाग की नीति के अनुसार 15 दिन के भीतर एनओसी जारी करना अनिवार्य है। यदि मानक पूरे नहीं हैं तो केवल एक बार आपत्ति लगाई जाएगी, बार-बार आपत्तियों से व्यापारियों या उद्यमियों का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। लंबित फाइलों पर समय से कार्रवाई न होने पर संबंधित अधिकारियों से शासन स्तर पर जवाब-तलबी की जाएगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ विश्वरूप बनर्जी ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल-2 पर उद्यमी एनओसी फाइल की रियल टाइम ट्रैकिंग कर सकेंगे। यह पोर्टल पारदर्शिता के साथ शासन की मंशा को जमीन पर उतारेगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए उद्यमियों को जागरूक भी किया जाएगा।
आगरा के चीफ फायर अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि अब एनओसी के लिए प्रमाणित नक्शे की बाध्यता नहीं है। भूस्वामी अपने पास उपलब्ध मूल नक्शे को भी पोर्टल पर अपलोड कर सकता है। वहीं, आग लगने की सूचना देने वाले व्यक्ति पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
ईदगाह फायर स्टेशन का कंट्रोल नंबर 9454418449 जारी किया गया है, जहां किसी भी इमरजेंसी में संपर्क किया जा सकता है। आग लगने की स्थिति में कॉमर्शियल परिसरों पर ही शुल्क लिया जाता है, जबकि खेती-किसानी या आवासीय क्षेत्रों में सेवा निशुल्क है।
अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही औद्योगिक क्षेत्रों को 18000 लीटर क्षमता के दो फायर टैंक उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही पार्कों में बोरिंग के प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक माह फायर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मॉडर्न कंट्रोल रूम से फायर टैंकों की ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध है। जरूरत पर अन्य जिलों से अतिरिक्त टैंक मंगवाने के लिए कोई औपचारिकता आवश्यक नहीं है।
संजय गोयल ( चैंबर अध्यक्ष), संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, संजय अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, अमर मित्तल, राजीव गुप्ता, मनीष अग्रवाल, अतुल गर्ग, रूपकिशोर अग्रवाल, दुश्यंत गर्ग, सुरेश बंसल, संजय अरोड़ा, रवि वर्मा, राहुल राणा, प्रदीप गर्ग, अखिल मोहन मित्तल, केशवदत्त गुप्ता आदि बैठक में मौजूद रहे।