आगरा में पशुपालन विभाग की कार्यशाला में प्रो. बघेल ने किया व्हाट्सएप चैनल का शुभारंभ
आगरा। पशुपालन और डेयरी विभाग (डीएएचडी) तथा संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) भारत द्वारा बुधवार को आगरा में संयुक्त रूप से आयोजित कार्यशाला ने पशुपालन क्षेत्र के लिए नई दिशा तय की। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने विभाग के व्हाटसएप चैनल का शुभारंभ किया। यह डिजिटल मंच किसानों और पशुपालकों तक योजनाओं, तकनीकों और नवाचारों को सीधे पहुँचाने का कारगर माध्यम बनेगा।
केंद्रीय मंत्री बोले- सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश केंद्र की योजनाओं को संचार के माध्यम से किसानों तक पहुंचाएं
वैक्सीन कोल्ड चेन प्रबंधन, संचार योजना के डिजिटलीकरण और क्षमता निर्माण जैसे मुद्दों पर केंद्रित इस कार्यशाला में देशभर से आए वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ और प्रतिनिधियों ने मिलकर पशुधन क्षेत्र को और सशक्त बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। यह कार्यशाला आगरा के एक बड़े होटल में हुई।
ज्ञातव्य है कि पशुपालन और डेयरी विभाग, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय ने 20 मई 2024 को संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम भारत के साथ वैक्सीन कोल्ड चेन प्रबंधन, क्षमता निर्माण और संचार योजना के डिजिटलीकरण पर एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन किया था। इस एमओयू को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से आज आगरा में कार्यशाला आयोजित की गई थी।
नवाचार और तकनीक से पशुपालन में क्रांति- प्रो. बघेल
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद केंद्रीय राज्य मंत्री (मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय तथा पंचायती राज मंत्रालय) प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के व्हाटसएप चैनल का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह चैनल किसानों और पशुपालकों तक सीधे जानकारी पहुंचाने का नया डिजिटल माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच पशुपालकों से संवाद का नया अध्याय खोलेगा और हर योजना, हर तकनीक सीधे किसानों तक पहुंचेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि मंत्रालय सभी हितधारकों के साथ मिलकर कार्य करने और योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस आयोजन को पशुपालन क्षेत्र की उन्नति और किसानों की प्रगति के लिए बहुमूल्य अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला सर्वोत्तम नवाचारों, नवीनतम तकनीकों, वैकल्पिक समाधानों और नए अवसरों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का महत्त्वपूर्ण जरिया है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत सरकार की योजनाएं विस्तार और संचार के माध्यम से हर किसान तक पहुंचे।
गणमान्य हस्तियों की रही मौजूदगी
कार्यशाला में कई अन्य दिग्गज हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिनमें सुश्री वर्षा जोशी, अतिरिक्त सचिव (सीडीडी), डॉ. एंजेला लुइसिगी, निवासी प्रतिनिधि, यूएनडीपी भारत और अमित कुमार घोष, प्रधान सचिव, पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार प्रमुख थे। इसके अलावा, देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के निदेशक, प्रतिनिधि और डीएएचडी के वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यशाला में शामिल हुए।
कार्यशाला के मुख्य उद्देश्य
इस कार्यशाला में पशुपालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इनमें वैक्सीन कोल्ड चेन प्रबंधन को आधुनिक और प्रभावी बनाना, संचार योजना को डिजिटल प्लेटफार्म पर लाना, क्षमता निर्माण के लिए नए प्रशिक्षण मॉडल तैयार करना और हितधारकों के बीच सहयोग और बेहतर समन्वय स्थापित करना जैसे विषय शामिल थे।
Top of Form
Bottom of Form