प्रगतिशील जाट महासभा ने विधायक डॊ. धर्मेश को पहनाया चांदी का मुकुट, सीएम योगी का जताया आभार

आगरा। प्रगतिशील जाट महासभा ने शनिवार को ग्वालियर रोड स्थित पीएस गार्डन में एक सम्मान समारोह आयोजित कर छावनी क्षेत्र के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश का चाँदी का मुकुट पहनाकर अभिनंदन किया। यह सम्मान उन्हें भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल का विजय दिवस आगरा क़िला में सरकारी स्तर पर मनाने की अनुमति दिलाने के लिए दिया गया।

Jun 29, 2025 - 22:22
 0
प्रगतिशील जाट महासभा ने विधायक डॊ. धर्मेश को पहनाया चांदी का मुकुट, सीएम योगी का जताया आभार
ग्वालियर रोड स्थित पीएस गार्डन में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित करते प्रगतिशील जाट महासभा के पदाधिकारी।

कार्यक्रम में मौजूद प्रगतिशील जाट महासभा के सदस्य।

महासभा ने इस ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने इसे ब्रज क्षेत्र के स्वाभिमान और गौरव की ऐतिहासिक विजय बताया।

मुख्यमंत्री से मिलकर रखी थी मांग

गौरतलब है कि प्रगतिशील जाट महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक डॉ. धर्मेश के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर 12 जून को महाराजा सूरजमल की जयंती को विजय दिवस के रूप में आगरा किला परिसर में आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। मुख्यमंत्री ने इस मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम को सरकारी स्तर पर मनाने और इस आयोजन की ज़िम्मेदारी पर्यटन विभाग को सौंपी थी।

अब हर साल सरकारी स्तर पर विजय दिवस

विधायक डॉ. धर्मेश ने कहा, अब हर वर्ष 12 जून को आगरा क़िले में भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल का विजय दिवस राज्य सरकार की देखरेख में मनाया जाएगा। यह पूरे जाट समाज और ब्रज की ऐतिहासिक विरासत का गौरव है। ज्ञातव्य है कि भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल ने 1761 में आगरा किले पर कब्जा कर यहां से मुगलों को खदेड़ दिया था। उनकी इसी आगरा विजय को सरकारी स्तर पर मनाया जाना था।

महासभा पदाधिकारी रहे मौजूद

सम्मान समारोह में प्रगतिशील जाट महासभा के मुख्य संरक्षक यादराम वर्मा, अध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार, उदयवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह चाहर, मोहन सिंह सोलंकी, नरेंद्र सिंह चाहर, लाखन सिंह, गजेन्द्र चौधरी, संजय खिरवार, मनोज डांगुर, जगदीश इंदौलिया, सुखबीर मास्टर, तेजवीर सिंह, सुरेश बाबू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor