संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा की करोड़ों की संपत्ति कुर्क
संभल। पिछले महीनों में संभल में हुई हिंसा के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड शारिक साठा की संपत्ति रविवार को कुर्क कर ली। यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई, जिसके जरिए इलाके में कानून व्यवस्था के प्रति कड़ा संदेश दिया गया है।
शारिक साठा पर आरोप है कि उसने सुनियोजित तरीके से सांप्रदायिक तनाव फैलाने और भीड़ को भड़काने की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, शारिक हिंसा का मुख्य योजनाकार था और इसी के इशारे पर भीड़ ने उत्पात मचाया।
पुलिस ने शारिक की जो संपत्तियां कुर्क की हैं, उनकी कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। संभल में हुई हिंसा के समय से ही शारिक फरार है।