विधायक खंडेलवाल के प्रस्ताव पर बल्केश्वर में बल्केश्वरनाथ और कमला नगर में अग्रसेन द्वार मंजूर
आगरा। बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्र को नई पहचान देने के उद्देश्य से दो भव्य द्वारों का निर्माण कराया जाएगा। क्षेत्रीय भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बल्केश्वर में बल्केश्वर नाथ द्वार तथा महाराजा अग्रसेन मार्ग, कमला नगर में महाराजा अग्रसेन द्वार का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इन दोनों द्वारों के लिए धनराशि भी मंजूर कर दी है।
विधायक श्री खंडेलवाल ने बताया कि इन द्वारों का निर्माण 1.47 करोड़ रुपये (एक करोड़ सैंतालीस लाख रुपये) की लागत से कराया जाएगा। सिंहद्वारा पत्थर की उत्कृष्ट नक्काशी से तैयार होने वाले ये द्वार न केवल आस्था और परंपरा का प्रतीक होंगे, बल्कि शहर की सांस्कृतिक धरोहर को भी नई पहचान देंगे।
विधायक खंडेलवाल ने द्वारों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री जयवीर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह द्वार आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐतिहासिक धरोहर साबित होंगे और धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन देंगे।
इस परियोजना से बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्र का स्वरूप और भी भव्य व आकर्षक बनने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों और अग्रवंशजों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।