बांग्लादेश घटनाक्रम के विरोध में आगरा के पुरानी मंडी चौराहे पर प्रदर्शन
आगरा। राष्ट्रीय हिंदू परिषद (भारत) के अध्य़क्ष गोविंद पाराशर के आह्वान पर संगठन के महिला मोर्चा द्वारा बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचारों के विरोध में पुरानी मंडी चौराहा, ताजमहल गेट पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मो. यूनुस के पोस्टरों पर प्रतीकात्मक विरोध जताया और नारेबाज़ी की। कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से केंद्र सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की गई।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और घरों को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन आरोपों के आधार पर उन्होंने भारत सरकार से कूटनीतिक स्तर पर कड़ा रुख अपनाने, सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा को सख्त करने तथा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर निगरानी रखी गई।
संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि देश की सुरक्षा एजेंसियां अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाएं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की चिंता प्रभावी ढंग से रखी जाए, ताकि क्षेत्रीय स्थिरता और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।